लांगणा वार्ड से नवनिर्वाचित जिला परिषद सदस्य राखी शर्मा ने निकाली भव्य विजय रैली, उमड़ा जनसैलाब
लांगणा वार्ड से नवनिर्वाचित जिला परिषद सदस्य राखी शर्मा ने निकाली भव्य विजय रैली, उमड़ा जनसैलाब
मंडी : अजय सूर्या /
जिला परिषद लांगणा वार्ड संख्या-36 से शानदार जीत दर्ज करने के बाद नवनिर्वाचित जिला परिषद सदस्य राखी शर्मा ने मंगलवार को लडभड़ोल में अपने परिवार और समर्थकों के साथ भव्य विजय रैली निकाली। इस अवसर पर क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला और हजारों की संख्या में समर्थक रैली में शामिल हुए।
विजय रैली लडभड़ोल की न्यू मार्केट से शुरू होकर पुलिस चौकी तक निकाली गई। पूरे मार्ग पर समर्थकों और स्थानीय लोगों ने राखी शर्मा का फूल-मालाओं से जोरदार स्वागत किया। रैली के दौरान कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह देखने को मिला तथा उन्होंने नारेबाजी और जयकारों के माध्यम से अपनी खुशी का इजहार किया।
गौरतलब है कि जिला परिषद चुनाव में निर्दलीय प्रत्याशी राखी शर्मा ने भाजपा की आधिकारिक प्रत्याशी रजनी ठाकुर को पराजित कर उल्लेखनीय जीत हासिल की है। इस जीत के बाद से ही उनके समर्थकों और क्षेत्रवासियों में जश्न का माहौल बना हुआ है।
विजय रैली के उपरांत मीडिया से बातचीत करते हुए राखी शर्मा भावुक और उत्साहित नजर आईं। उन्होंने कहा कि वह दूर-दूर से पहुंचे क्षेत्रवासियों और समर्थकों की आभारी हैं। उन्होंने कहा, "मैं अपने परिवार समान क्षेत्रवासियों का दिल से धन्यवाद करती हूं। कड़ी धूप में भी जिन्होंने कंधे से कंधा मिलाकर मेरा साथ दिया, उनके विश्वास पर शत-प्रतिशत खरा उतरने का प्रयास करूंगी। मैं सदैव क्षेत्र के विकास और लोगों की सेवा के लिए समर्पित रहूंगी।"
राखी शर्मा ने क्षेत्र की जनता को आश्वस्त करते हुए कहा कि विकास कार्यों को प्राथमिकता देते हुए जनसमस्याओं के समाधान के लिए निरंतर प्रयास किए जाएंगे। विजय रैली के दौरान पूरे क्षेत्र में उत्साह और उल्लास का माहौल बना रहा।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें