हारचक्कियां में सब-तहसील भवन का शिलान्यास, प्रशासनिक सुविधाएं घर-द्वार के समीप मिलेंगी
हारचक्कियां में सब-तहसील भवन का शिलान्यास, प्रशासनिक सुविधाएं घर-द्वार के समीप मिलेंगी
राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी बोले—भवन निर्माण में धन की कमी नहीं आने दी जाएगी
शाहपुर : जनक पटियाल /
राजस्व, बागवानी एवं जनजातीय विकास मंत्री जगत सिंह नेगी ने शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के हारचक्कियां में प्रस्तावित सब-तहसील भवन का शिलान्यास किया। इस अवसर पर शाहपुर के विधायक एवं उप मुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया भी विशेष रूप से मौजूद रहे।
इस अवसर पर जगत सिंह नेगी ने कहा कि सब-तहसील भवन के निर्माण से क्षेत्रवासियों को राजस्व संबंधी विभिन्न सेवाएं अपने क्षेत्र में ही उपलब्ध होंगी और उन्हें छोटे-छोटे कार्यों के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि भवन निर्माण में धन की कमी नहीं आने दी जाएगी और इसे जल्द पूरा कर आम जनता को समर्पित करने के प्रयास किए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को बेहतर प्रशासनिक सुविधाएं उपलब्ध करवाने के साथ विकास कार्यों को गति देने के लिए प्रतिबद्ध है। सड़क, पेयजल, सिंचाई, शिक्षा, स्वास्थ्य सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जा रहा है।
आपदा प्रभावित परिवारों को राहत का उल्लेख
जगत सिंह नेगी ने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ने अपने संसाधनों से आपदा प्रभावित परिवारों को राहत प्रदान की है। उन्होंने कहा कि पूर्ण रूप से क्षतिग्रस्त मकानों के लिए सहायता राशि बढ़ाकर सात लाख रुपये की गई थी और पिछले वर्ष इसमें एक लाख रुपये की और वृद्धि कर इसे आठ लाख रुपये किया गया। उन्होंने कहा कि आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त मकानों के साथ-साथ गौशालाओं, पशुधन, फसल और भूमि के नुकसान के मामलों में भी राहत राशि में वृद्धि की गई है।
उन्होंने वन अधिकार अधिनियम (एफआरए) का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने पर भी जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों और संबंधित समितियों को पात्र लोगों के दावों का नियमानुसार समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
राजस्व मंत्री ने मनरेगा का जिक्र करते हुए कहा कि ग्रामीण परिवारों को रोजगार की मांग करने का अधिकार है। इच्छुक व्यक्ति निर्धारित प्रक्रिया के तहत काम की मांग कर सकता है तथा योजना के प्रावधानों के अनुसार रोजगार उपलब्ध न होने की स्थिति में बेरोजगारी भत्ते का भी प्रावधान है।
निचले क्षेत्रों में बागवानी को बढ़ावा
जगत सिंह नेगी ने कहा कि प्रदेश के निचले क्षेत्रों में बागवानी को बढ़ावा देने के लिए विशेष प्रयास किए जा रहे हैं। एचपी-शिवा योजना के तहत कांगड़ा सहित सात जिलों में करीब 6,000 हेक्टेयर क्षेत्र को बागवानी के अंतर्गत लाने का लक्ष्य रखा गया है, जबकि पहले चरण में 3,000 हेक्टेयर क्षेत्र में कार्य किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि योजना के तहत अमरूद, लीची, नींबू वर्गीय फल, माल्टा सहित विभिन्न फलदार पौधों की खेती को प्रोत्साहित किया जा रहा है। पात्र किसानों को निर्धारित क्षेत्र में बागवानी गतिविधियों के लिए वित्तीय सहायता भी उपलब्ध करवाई जा रही है। उन्होंने किसानों से योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने और आय के अतिरिक्त स्रोत विकसित करने का आह्वान किया।
करीब एक करोड़ रुपये से बनेगा भवन
उप मुख्य सचेतक एवं शाहपुर विधायक केवल सिंह पठानिया ने राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी का आभार जताते हुए कहा कि सब-तहसील भवन क्षेत्रवासियों की लंबे समय से चली आ रही मांग थी। उन्होंने बताया कि लोक निर्माण विभाग के अनुसार भवन निर्माण की लागत करीब एक करोड़ रुपये रखी गई है।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार सहित सड़क, बिजली, पानी, शिक्षा और अन्य मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि चंगर क्षेत्र में पेयजल व्यवस्था में सुधार के लिए नए पानी के टैंक बनाए गए हैं और पुराने टैंकों की री-मॉडलिंग की गई है। करीब 19 टैंकों के निर्माण और सुधार का कार्य किया गया है।
केवल सिंह पठानिया ने हाल ही में बोह क्षेत्र में आई आपदा का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि उस दौरान सड़क खोलने और सामान्य व्यवस्था बहाल करने में अधिकारियों और विभिन्न विभागों की टीमों ने दिन-रात कार्य किया।
समारोह में ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सुरेंद्र पटाकू, पूर्व ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सुरजीत राणा, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष सूरज सिंह, लंज कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष सुमन मेहरा, जिला परिषद सदस्य मीना राणा, स्थानीय उपप्रधान संजीव कुमार, आयुष्मान विभाग के ओएसडी डॉ. सुमित पठानिया, एसडीएम कांगड़ा अंजलि गर्ग, एसडीएम शाहपुर गणेश ठाकुर, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता नीरज जसवाल, आईपीएच के अधिशासी अभियंता अमित डोगरा, विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता अमित शर्मा, उपनिदेशक बागवानी अलक्ष पठानिया, डीएफओ अमित शर्मा सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें