देहरा में स्कूटी चोरी का पर्दाफाश, रातभर जागकर ग्रामीणों ने की घेराबंदी, दो स्कूटियों के साथ तीन शातिर गिरफ्तार
देहरा में स्कूटी चोरी का पर्दाफाश, रातभर जागकर ग्रामीणों ने की घेराबंदी, दो स्कूटियों के साथ तीन शातिर गिरफ्तार
हिमाचल प्रदेश पुलिस जिला देहरा क्षेत्र में स्कूटी चोरी का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां ग्रामीणों की सतर्कता और पुलिस की त्वरित कार्रवाई के चलते तीन शातिर चोरों को गिरफ्तार कर लिया गया है। इस घटना में चोरी हुई दोनों स्कूटियों को भी सफलतापूर्वक बरामद कर लिया गया है।
रात दो बजे से शुरू हुआ घटनाक्रम
घटना की शुरुआत 27-28 अक्टूबर 2026 की रात को हुई। पंचायत सदस्य विशाल चौधरी ने पंचायत प्रधान राजेश कुमार को फोन कर गांव में चोरों के घुसने की सूचना दी। इसके बाद प्रधान तुरंत मुख्य सड़क पर पहुंचे और पुलिस को सूचित किया। इस दौरान मरियारी और लड़ाना गांवों के करीब 70 ग्रामीण, युवा और महिलाएं एकत्र हो गए। शुरुआत में ग्रामीणों ने एक संदिग्ध को पकड़ भी लिया था, लेकिन वह हाथ छुड़ाकर भाग निकला, जिसके बाद लोगों ने आसपास के रास्तों और जंगलों में निगरानी बढ़ा दी।
सुबह तड़के और दिन निकलते ही दबोचे गए संदिग्ध
पहली गिरफ्तारी (सुबह 4:30 बजे): देहरा से धर्मशाला मार्ग पर अपर मरियारी के पास गश्त कर रहे ग्रामीणों ने बगलामुखी की तरफ से आ रही एक स्कूटी को पहचान लिया। स्कूटी सवार ने भागने का प्रयास किया, लेकिन खबली क्षेत्र में पीछा करने के दौरान वह गिर पड़ा, जिसे ग्रामीणों ने दबोच लिया।
अन्य गिरफ्तारियां (सुबह 8:00 बजे): ग्रामीणों ने जंगल और आसपास के रास्तों में तलाश जारी रखी और सुबह करीब आठ बजे दो अन्य संदिग्धों को भी पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
तो वहीं पुलिस थाना देहरा द्वारा जारी आधिकारिक प्रेस नोट के अनुसार, हेल्पलाइन नंबर 112 के माध्यम से शिकायतकर्ता विशाल कुमार (निवासी गांव लड़ाणा, डाकघर बरवाड़ा, तहसील देहरा) की स्कूटी और एक अन्य व्यक्ति की स्कूटी चोरी होने की सूचना मिली थी। पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए स्थानीय नागरिकों के सहयोग से मौके पर और जंगल में तकनीकी अन्वेषण व ग्राउंड वर्क के जरिए तीनों आरोपियों को दबोच लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान:
अनिल कुमार (19 वर्ष) पुत्र राजेंद्र, निवासी वार्ड नंबर 04, गुप्त गंगा, तहसील व जिला कांगड़ा (हि.प्र.)।
रोहित चौधरी (20 वर्ष) पुत्र हरदीप सिंह, निवासी गांव व डाकघर जमानाबाद, तहसील व जिला कांगड़ा (हि.प्र.)।
आकर्ष (19 वर्ष) पुत्र कुलदीप, निवासी गांव दुगियारी, डाकघर गगल, तहसील व जिला कांगड़ा (हि.प्र.)।
कानूनी कार्रवाई और पुलिस रिमांड
इस मामले में पुलिस थाना देहरा में अभियोग संख्या 74/26, दिनांक 27.10.2026, धारा 331(4), 303(2) एवं 3(5) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है। दिनांक 28.10.2026 को तीनों आरोपियों को माननीय न्यायालय ACJM, देहरा के समक्ष पेश किया गया, जहां से अदालत ने उन्हें 31.10.2026 तक चार दिन के पुलिस हिरासत रिमांड पर भेज दिया है। मामले में पुलिस का आगामी अन्वेषण जारी है।
पंचायत प्रधान की अपील
पंचायत प्रधान राजेश कुमार ने रातभर सक्रिय भूमिका निभाने वाले युवाओं और महिलाओं के सहयोग की गहरी सराहना की है। सुरक्षा को पुख्ता करने के लिए पंचायत के मुख्य प्रवेश मार्गों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने का प्रस्ताव पहले ही डाला जा चुका है। प्रधान ने आमजन से अपील की है कि वे अपने दोपहिया वाहन सुरक्षित स्थानों पर खड़ें करें, किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत पुलिस को सूचना दें और युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए विशेष ध्यान रखें।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें