शादी के नाम पर ठगी का शिकार हुए धमेटा के अभिषेक ने पुलिस प्रशासन से लगाई न्याय की गुहार, एक माह में कार्रवाई करने की मांग
शादी के नाम पर ठगी का शिकार हुए धमेटा के अभिषेक ने पुलिस प्रशासन से लगाई न्याय की गुहार, एक माह में कार्रवाई करने की मांग
फतेहपुर : बलजीत ठाकुर /
पुलिस थाना फतेहपुर के अंतर्गत कस्बा धमेटा निवासी अभिषेक ने शादी के नाम पर करीब 30 हजार रुपये की ठगी होने का आरोप लगाया है। पीड़ित का कहना है कि पिछले वर्ष नवंबर माह में उसने न्याय की गुहार लगाते हुए पुलिस प्रशासन के समक्ष अपनी शिकायत दर्ज करवाई थी, लेकिन एक साल बीत जाने के बावजूद उसे अभी तक न्याय नहीं मिल पाया है।
शुक्रवार को करीब पौने दो बजे मीडिया से रूबरू होते हुए अभिषेक ने बताया कि शादी करवाने के नाम पर उसके साथ करीब 30 हजार रुपये की धोखाधड़ी हुई है। इस मामले में न्याय पाने के लिए वह लगातार पुलिस प्रशासन के चक्कर काट रहा है। अभिषेक के अनुसार, करीब दो माह पहले भी वह एसपी महोदया से मिलकर अपनी शिकायत पर उचित कार्रवाई की मांग कर चुका है।
अभिषेक ने एक बार फिर पुलिस प्रशासन से अपील की है कि उसकी शिकायत पर आगामी एक माह के भीतर उचित कार्रवाई अमल में लाई जाए, ताकि उसे न्याय मिल सके और वह लंबे समय से चल रही मानसिक एवं आर्थिक परेशानी से बाहर निकल सके।
वहीं, इस संबंध में शुक्रवार को करीब सवा दो बजे पुलिस थाना फतेहपुर में फोन के माध्यम से संपर्क किया गया तो पुलिस की ओर से बताया गया कि अभिषेक की शिकायत पर छानबीन जारी है। पुलिस के अनुसार, मामले में जैसे ही कोई सुराग मिलता है, नियमानुसार आगामी कार्रवाई की जाएगी।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें