विधायक भवानी सिंह पठानिया का पंचायत के विकास कार्यों के लिए आभार, प्रधान तमन्ना धीमान शर्मा ने कहा—सहयोग से तेज हुई विकास की रफ्तार
विधायक भवानी सिंह पठानिया का पंचायत के विकास कार्यों के लिए आभार, प्रधान तमन्ना धीमान शर्मा ने कहा—सहयोग से तेज हुई विकास की रफ्तार
पंजरोड़ की पेयजल समस्या के समाधान की दिशा में बड़ा कदम, नशे के खिलाफ पंचायत ने मांगा ग्रामीणों का सहयोग
फतेहपुर : बलजीत ठाकुर /
विकास खंड फतेहपुर के अंतर्गत ग्राम पंचायत बतराहन में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर आम ग्राम सभा का आयोजन किया गया। निर्धारित कोरम पूरा होने के बाद बैठक की अध्यक्षता पंचायत प्रधान तमन्ना धीमान शर्मा ने की।
बैठक में पंचायत क्षेत्र में स्वच्छता को लेकर ग्रामीणों को जागरूक किया गया। इसके अलावा बीबी राम योजना के तहत करवाए जाने वाले कार्यों, युक्ति ऐप के माध्यम से कार्यों में आ रही समस्याओं तथा आगामी प्रस्तावित विकास कार्यों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। प्रधान ने ग्रामीणों से पंचायत के विकास कार्यों में सहयोग देने की अपील की।
प्रधान तमन्ना धीमान शर्मा ने पंचायत में करवाए जा रहे विभिन्न विकास कार्यों के लिए फतेहपुर के विधायक भवानी सिंह पठानिया का विशेष रूप से धन्यवाद एवं आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि विधायक के सहयोग से पंचायत क्षेत्र में सड़कों पर इंटरलॉक टाइलें लगाने, गलियों, पुलियों सहित विभिन्न विकास कार्यों को गति मिली है। ग्रामीण क्षेत्रों के विकास और लोगों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाने से जुड़े कार्यों में मिल रहे सहयोग का पंचायत को लाभ मिल रहा है।
पंजरोड़ की पेयजल समस्या के समाधान की दिशा में कदम
प्रधान ने पंजरोड़ वार्ड में लंबे समय से चली आ रही पेयजल समस्या का उल्लेख करते हुए बताया कि समस्या के समाधान के लिए पानी के टैंक को मंजूरी मिली है तथा जल जीवन मिशन के तहत संबंधित विभाग द्वारा इसका कार्य भी शुरू कर दिया गया है। उन्होंने इसके लिए विधायक भवानी सिंह पठानिया और संबंधित विभाग का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इससे लंबे समय से पेयजल समस्या का सामना कर रहे लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है।
उन्होंने कहा कि पंचायत की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर उठाने और विकास कार्यों में सहयोग देने के लिए पंचायत की ओर से विधायक का धन्यवाद किया जाता है। साथ ही उन्होंने भविष्य में भी पंचायत के विकास के लिए सहयोग जारी रहने की उम्मीद जताई।
बतराहन पंचायत के टीबी मुक्त होने पर दी बधाई
प्रधान तमन्ना धीमान शर्मा ने ग्राम पंचायत बतराहन के टीबी मुक्त होने पर पंचायतवासियों, आशा वर्करों और स्वास्थ्य विभाग से जुड़े कर्मचारियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि पंचायत को टीबी मुक्त बनाने में सभी के सामूहिक प्रयासों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
नशे के खिलाफ पंचायत ने मांगा ग्रामीणों का सहयोग
आम ग्राम सभा के दौरान प्रधान ने नशे के खिलाफ पंचायत के अभियान को मजबूत करने के लिए ग्रामीणों से सहयोग की अपील की। उन्होंने कहा कि यदि किसी व्यक्ति के बारे में नशे का कारोबार करने या आदतन नशे का सेवन करने की जानकारी मिलती है, तो इसकी सूचना पंचायत तक पहुंचाई जाए, ताकि आवश्यक कार्रवाई के लिए मामला संबंधित विभाग के ध्यान में लाया जा सके।
उन्होंने कहा कि नशा किसी एक व्यक्ति को ही नहीं, बल्कि पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करता है। इसलिए सभी लोगों को जागरूक होकर नशे के खिलाफ सामूहिक रूप से आगे आने की आवश्यकता है।
आम सभा के दौरान आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी ग्रामीणों को दी और पात्र लोगों से इन योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की।
बैठक में पंचायत सचिव विजय सिंह, जनप्रतिनिधि, पंचायत सदस्य, आशा वर्कर, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता तथा विभिन्न विभागों के कर्मचारी मौजूद रहे। आम सभा में पंचायत के विकास, जनसमस्याओं और आगामी कार्यों को लेकर ग्रामीणों ने भी अपने विचार एवं सुझाव रखे।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें