धामी क्षेत्र में सड़क, पेयजल और बिजली सुधार पर सरकार का फोकस - विक्रमादित्य सिंह लोक निर्माण मंत्री ने धामी के मिनी सचिवालय में आयोजित जन शिकायत निवारण कार्यक्रम की अध्यक्षता

 धामी क्षेत्र में सड़क, पेयजल और बिजली सुधार पर सरकार का फोकस - विक्रमादित्य सिंह

लोक निर्माण मंत्री ने धामी के मिनी सचिवालय में आयोजित जन शिकायत निवारण कार्यक्रम की अध्यक्षता की

संबंधित अधिकारियों के सहयोग से 67 में से 28 समस्याओं का किया मौके पर ही समाधान सुनिश्चित


लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने शनिवार को शिमला ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत धामी स्थित मिनी सचिवालय में आयोजित जन शिकायत निवारण कार्यक्रम की अध्यक्षता की। कार्यक्रम में विभिन्न पंचायतों एवं स्थानीय लोगों की ओर से कुल 67 समस्याएं और मांगें मंत्री के समक्ष रखी गईं, जिनमें से 28 का संबंधित विभागों के अधिकारियों के सहयोग से मौके पर ही समाधान सुनिश्चित किया गया। शेष मामलों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश संबंधित विभागों को दिए गए।
स्थानीय ग्राम पंचायत हलोग धामी की प्रधान प्रीति शर्मा सहित बठवाना-जाबरी पंचायत प्रधान ज्योति शर्मा, ओखरू पंचायत प्रधान आशा देवी, पीपलीधार पंचायत प्रधान योगराज, माइली-जेजवीं  पंचायत प्रधान सीता देवी तथा घडल पंचायत प्रधान गायत्री देवी ने भी अपनी-अपनी पंचायतों से संबंधित समस्याएं एवं मांगे मंत्री के समक्ष रखी। इसके अतिरिक्त स्थानीय लोगों, महिला मंडलो–युवक मंडल सदस्यों ने भी मंत्री के समक्ष अपनी-अपनी समस्याएं रखी, जिसका मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने चरणबद्ध तरीके से समाधान करने का आश्वासन दिया।  

मंत्री ने बताया कि लोक निर्माण विभाग के धामी-हलोग उपमंडल की सभी पंचायतों के समग्र विकास के लिए प्रदेश सरकार ने लगभग 51 करोड़ रुपये स्वीकृत किए हैं। इस राशि से सड़क निर्माण, पेयजल व्यवस्था, कम वोल्टेज की समस्या के समाधान तथा पंचायत क्षेत्रों के अन्य विकास कार्य किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि धामी पंचायत के विकास के लिए विधायक निधि एवं जन सहयोग से अब तक लगभग 43 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं, जिनमें से 14 लाख रुपये अभी तक खर्च नहीं हो पाए हैं। इसी प्रकार बठवाना-जाबरी पंचायत में 10 लाख रुपये, ओखरू पंचायत में 17 लाख रुपये, पीपलीधार पंचायत में 9 लाख रुपये तथा माइली-जेजवीं पंचायत में 17 लाख रुपये की स्वीकृत राशि अभी व्यय नहीं हुई है। उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों से इन निधियों का शीघ्र उपयोग सुनिश्चित करने का आग्रह किया, ताकि सभी पंचायतों का समान विकास हो सके।

विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि पंचायतों द्वारा निर्मित कई सड़कें विभागीय गुणवत्ता मानकों पर खरी नहीं उतरतीं। इसे देखते हुए लोक निर्माण विभाग नई नीति तैयार कर रहा है, जिससे भविष्य में पंचायतों द्वारा निर्मित सड़कें भी निर्धारित तकनीकी मानकों के अनुरूप हों।
उन्होंने बताया कि विधायक प्राथमिकता के तहत कठाना सड़क का निर्माण लगभग 10 करोड़ रुपये की लागत से किया जाएगा। गलोग-नेहरा सड़क की डीपीआर अंतिम चरण में है, जबकि धामी-कांगनी संपर्क मार्ग का निर्माण प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत जारी है। बरसात से प्रभावित क्षेत्रों में घरों के समीप गिरे डंगों के स्थान पर आवश्यकतानुसार क्रेट वॉल का निर्माण किया जाएगा। इसके अलावा ओखरू-नेहरा तथा वैंश-बखरेल सड़क निर्माण का भी आश्वासन दिया।
पेयजल व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए घंडल पंचायत में लगभग 25 करोड़ रुपये की लागत से गलोग-घंडल उठाऊ पेयजल योजना की डीपीआर तैयार की जा रही है। योजना के माध्यम से छूटी हुई बस्तियों को भी पेयजल सुविधा से जोड़ा जाएगा। उन्होंने ग्रामीणों से आग्रह किया कि जिन क्षेत्रों में पेयजल की समस्या है, वे विभाग को लिखित रूप से जानकारी दें।
क्षेत्र में कम वोल्टेज की समस्या के समाधान के लिए विद्युत व्यवस्था को मजबूत किया जा रहा है। इसके तहत रिक्त जेई पदों को भरने, छोटे ट्रांसफार्मरों को अपग्रेड करने, 63 केवी क्षमता के 51 ट्रांसफार्मर तथा 500 बिजली पोल स्थापित करने की प्रक्रिया जारी है।
मंत्री ने घोषणा की कि नागरिक अस्पताल धामी को आदर्श अस्पताल के रूप में उन्नत किया जाएगा। साथ ही प्रत्येक माह की 10 तारीख को आईजीएमसी शिमला के विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा धामी में स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया जाएगा। उन्होंने अस्थाई पुलिस चौकी हलोग-धामी को स्थायी रूप से विकसित करने का भी आश्वासन दिया।
युवाओं को बेहतर खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए गयासी माता मंदिर, जगेड़ी और धामी में तीन खेल मैदान विकसित किए जा रहे हैं। इससे पूर्व मंत्री ने प्राथमिक पाठशाला खेल चौरा का निरीक्षण कर आवश्यक मरम्मत तथा नए भवन का प्राक्कलन तैयार करने के निर्देश भी दिए।
  
शिमला ग्रामीण विस क्षेत्र को जल्द मिलेंगी 30 नई बसे 
उन्होंने कहा कि शिमला ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के लिए 30 नई बसे मिलने वाली है। उन्होंने कहा कि जहां-जहां पुराने बस रूटों की आवाजाही में दिक्कत है उन स्थलों के लिए बस सुविधा देने के साथ साथ नए बस रूटों पर भी बसें चलाई जाएगी।

यह रहे उपस्थित
इस अवसर पर पूर्व विधायक सोहन लाल, जिला परिषद सदस्य अनीता शर्मा, बीडीसी अध्यक्ष जीत सिंह, बीडीसी सदस्य लाल चंद, ब्लॉक कांग्रेस टूटू अध्यक्ष देवेंद्र ठाकुर, अध्यक्ष स्पोर्ट्स क्लब एवं पीसीसी महासचिव चंद्र शेखर शर्मा, ह्युमन राईट संस्था के अध्यक्ष अमिताभ गोमा, पूर्व प्रधानाचार्य हरि सिंह, आसपास की पंचायतों के पंचायत प्रतिनिधि, बीडीओ टुटू बृजेश भारद्वाज, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण राजेश अग्रवाल, अधिशासी अभियंता जल शक्ति कपिल शर्मा, नायब तहसीलदार जोगेंद्र तोमर, वरिष्ठ पशु चिकित्सा अधिकारी मधुर शर्मा, विभिन्न विभागों के अधिकारी व बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।

टिप्पणियाँ

खबर को दोस्तों के साथ साझा करें:


हिमाचल मीडिया से जुड़ें: