मोदी सरकार दे रही छत, कांग्रेस सरकार छीन रही सुविधाएँ : त्रिलोक कपूर
मोदी सरकार दे रही छत, कांग्रेस सरकार छीन रही सुविधाएँ : त्रिलोक कपूर
प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पालमपुर के 1,423 परिवारों का अपना घर का सपना हुआ साकार : त्रिलोक कपूर
भाजपा विधायक सुधीर शर्मा पर कांग्रेस के षड्यंत्र का जनता देगी करारा जवाब- त्रिलोक कपूर
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश वरिष्ठ प्रवक्ता त्रिलोक कपूर ने आज पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में संचालित प्रधानमंत्री आवास योजना देश के गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन ला रही है। इसी कड़ी में पालमपुर विधानसभा क्षेत्र के 1,423 पात्र परिवारों को पक्के आवास स्वीकृत हुए हैं।
उन्होंने इस उपलक्ष्य पर प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी का आभार व्यक्त करते हुए सभी लाभार्थियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि यह केवल मकान नहीं, बल्कि सम्मानजनक जीवन और सुरक्षित भविष्य की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है।
कपूर ने बताया कि भारतीय जनता पार्टी के बूथ स्तर के कार्यकर्ता प्रत्येक लाभार्थी के घर जाकर उन्हें बधाई पत्र भेंट करेंगे तथा केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी देंगे, ताकि अधिक से अधिक पात्र परिवार इन योजनाओं का लाभ उठा सकें।
पत्रकार वार्ता के दौरान त्रिलोक कपूर ने प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि उसके कुशासन और प्रशासनिक विफलताओं के कारण पालमपुर का विकास प्रभावित हुआ है। उन्होंने कहा कि सिविल अस्पताल पालमपुर की स्थिति अत्यंत चिंताजनक बनी हुई है।
अस्पताल में स्वीकृत 34 चिकित्सकों के पदों में से 8 पद रिक्त हैं तथा डॉक्टर न होने की बजह से अल्ट्रासाउंड मशीनों में जंग लग रहा है, जिसके कारण मरीजों को समय पर उपचार नहीं मिल पा रहा है और उन्हें अन्य स्थानों पर भटकने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है।
भाजपा नेता ने आरोप लगाया कि सिविल अस्पताल पालमपुर अब उपचार का केंद्र कम और रेफरल अस्पताल अधिक बनकर रह गया है, जहाँ गंभीर मरीजों को तत्काल अन्य अस्पतालों के लिए रेफर कर दिया जाता है। उन्होंने प्रदेश सरकार से मांग की कि एक सप्ताह के भीतर रिक्त चिकित्सक पदों को भरा जाए। अन्यथा भारतीय जनता पार्टी जनहित में व्यापक जनआंदोलन करने के लिए बाध्य होगी।
त्रिलोक कपूर ने कहा कि जब प्रदेश में भाजपा की सरकार थी, तब कांग्रेस पार्टी डॉक्टरों की कमी को लेकर धरना-प्रदर्शन करते थे, लेकिन आज उन्हीं के कार्यकाल में आठ चिकित्सकों के पद, स्टाफ नर्स के 8 पद और अनेक चतुर्थ श्रेणि के पद रिक्त हैं और स्वास्थ्य सेवाएँ बदहाल हो चुकी हैं। उन्होंने कहा कि जनता सब देख रही है और कांग्रेस के कथनी और करनी के अंतर को भली-भांति समझ चुकी है।
कपूर ने कहा कि पालमपुर विधानसभा क्षेत्र का अपना विकास खंड (बीडीओ कार्यालय) नहीं था। भाजपा सरकार के कार्यकाल में तत्कालीन मुख्यमंत्री श्री जयराम ठाकुर के नेतृत्व में पालमपुर को आजादी के 74 वर्षों के बाद अपने विकास खंड की सौगात मिली, जिससे क्षेत्र के विकास को नई दिशा मिली। लेकिन वर्तमान कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में विकास खंड पालमपुर स्वयं कर्मचारियों की भारी कमी से जूझ रहा है। विकास खंड कार्यालय में सब इंस्पेक्टर, ग्रामीण रोजगार सेवक, कंप्यूटर ऑपरेटर, पंचायती राज, सीनियर असिस्टेंट तथा पंचायत सचिव जैसे महत्वपूर्ण पद लंबे समय से रिक्त पड़े हैं,
इसके अतिरिक्त त्रिलोक कपूर ने कहा कि दो दिन पूर्व हिमाचल प्रदेश की कांग्रेस सरकार द्वारा भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं धर्मशाला से लोकप्रिय विधायक श्री सुधीर शर्मा जी के विरुद्ध दर्ज की गई एफआईआर पूरी तरह राजनीतिक दुर्भावना से प्रेरित है। उन्होंने कहा कि यह विपक्ष की आवाज़ दबाने का असफल प्रयास है, जिसकी भारतीय जनता पार्टी कड़े शब्दों में निंदा करती है।
उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले कुछ समय से प्रदेश की कांग्रेस सरकार लगातार भारतीय जनता पार्टी के निर्वाचित जनप्रतिनिधियों एवं उनके परिवारों को झूठे मामलों में फँसाकर राजनीतिक प्रताड़ना देने का प्रयास कर रही है। लोकतंत्र में राजनीतिक मतभेद स्वाभाविक हैं, लेकिन सत्ता का दुरुपयोग कर विपक्ष की आवाज़ दबाना लोकतांत्रिक मूल्यों के विरुद्ध है।
कपूर ने कहा कि कांग्रेस सरकार के कार्यकाल के केवल 465 दिन शेष हैं। सरकार को राजनीतिक द्वेष छोड़कर जनता के हित और प्रदेश के विकास पर ध्यान देना चाहिए।
अंत में त्रिलोक कपूर ने प्रदेश सरकार से जनहित के मुद्दों पर राजनीति छोड़कर गंभीरता से क ार्य करने का आग्रह करते हुए कहा कि पालमपुर की जनता बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं, मजबूत प्रशासन और निरंतर विकास की अपेक्षा रखती है तथा भारतीय जनता पार्टी जनता के प्रत्येक मुद्दे को मजबूती से उठाती रहेगी।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें