हवलदार नरेश कुमार गौतम का निधन: ज्वाली के भरमाड़ गांव में सैन्य सम्मान के साथ हुआ अंतिम संस्कार
हवलदार नरेश कुमार गौतम का निधन: ज्वाली के भरमाड़ गांव में सैन्य सम्मान के साथ हुआ अंतिम संस्कार
भरमाड़ : राजेश कतनौरिया /
ज्वाली विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत भरमाड़ के निवासी एवं डीएससी (Defence Security Corps) में कार्यरत हवलदार नरेश कुमार गौतम (55) का ब्रेन हैमरेज के कारण निधन हो गया। उनके निधन से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।
दिवंगत के बड़े भाई दिनेश कुमार गौतम ने बताया कि 22 जुलाई को ग्वालियर से फोन आया था कि नरेश कुमार को अचानक ब्रेन हैमरेज हो गया है। सूचना मिलते ही परिवार के सदस्य ग्वालियर के लिए रवाना हो गए। वहां सेना के अधिकारियों ने उन्हें मिलिट्री हॉस्पिटल (एमएच) ग्वालियर पहुंचाया, जहां नरेश कुमार वेंटिलेटर पर भर्ती थे। पांच दिनों तक उपचार चलने के बाद उन्होंने सोमवार सुबह करीब सात बजे अंतिम सांस ली।
नरेश कुमार गौतम वर्ष 2000 में टेरिटोरियल आर्मी (टीए) में भर्ती हुए थे और वर्ष 2008 में सेवानिवृत्त हुए। इसके बाद उन्होंने 16 अगस्त 2009 को डीएससी (Defence Security Corps) जॉइन की और तब से देश की सेवा में कार्यरत थे।
अपने पीछे वे पत्नी रेणु देवी, पुत्र शौर्य गौतम (18), जिसने हाल ही में जमा दो (+2) की परीक्षा उत्तीर्ण की है, तथा पुत्री रिया गौतम (21), जो वर्तमान में बीएससी नर्सिंग की पढ़ाई कर रही हैं, को छोड़ गए हैं। उल्लेखनीय है कि उनकी माता का भी लगभग छह माह पूर्व निधन हो गया था।
सोमवार को उनका पार्थिव शरीर पैतृक गांव भरमाड़ पहुंचने पर क्षेत्र में शोक का माहौल बन गया। काली मिट्टी मोक्षधाम में पूरे सैन्य सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान ग्राम पंचायत भरमाड़ के प्रधान सुरेश कुमार खट्टा, उपप्रधान रजिंदर सिंह रिहालिया, पूर्व प्रधान सुशील कुमार, पूर्व उपप्रधान राम लुभाया, पूर्व जिला परिषद सदस्य सुशील कुमार डिंपल, पूर्व बीडीसी सदस्य कैलाश भारती, ब्लॉक समिति नगरोटा सूरियां के उपाध्यक्ष मदन लाल चौधरी सहित सैकड़ों ग्रामीणों, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों एवं शुभचिंतकों ने नम आंखों से श्रद्धांजलि अर्पित कर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें