भरमाड़ कृषि सहकारी समिति में इफको नैनो उर्वरकों के उपयोग पर प्रशिक्षण शिविर आयोजित
भरमाड़ कृषि सहकारी समिति में इफको नैनो उर्वरकों के उपयोग पर प्रशिक्षण शिविर आयोजित
ज्वाली, 31 जुलाई। इफको द्वारा जिला कांगड़ा की जवाली तहसील स्थित जिला स्तरीय प्रधानमंत्री किसान समृद्धि केंद्र भरमाड़ कृषि सेवा सहकारी समिति में इफको नैनो उर्वरकों के उपयोग एवं जागरूकता को लेकर एक प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर में जिले के विभिन्न विकास खंडों की कृषि सहकारी समितियों के पदाधिकारियों, सचिवों तथा विक्रेताओं ने भाग लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य किसानों तक आधुनिक नैनो उर्वरक तकनीक की जानकारी पहुंचाना तथा उनके प्रभावी उपयोग के प्रति जागरूक करना था।
इस अवसर पर इफको हिमाचल प्रदेश के राज्य विपणन प्रबंधक डॉ. सुधीर सिंह कटियार, इफको कांगड़ा के डेलिगेट करण ओबेरॉय, राज्य कार्यालय शिमला से वरिष्ठ क्षेत्र प्रबंधक पवन सारस्वत तथा कृषि सेवा सहकारी समिति भरमाड़ के प्रधान साधु राम विशेष रूप से उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में विशेषज्ञों ने प्रतिभागियों को विश्व का प्रथम तरल नैनो यूरिया प्लस, नैनो डीएपी, नैनो कॉपर तथा नैनो जिंक के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आधुनिक तकनीक से तैयार नैनो यूरिया प्लस में उपलब्ध 20 प्रतिशत नाइट्रोजन पौधों को अधिक प्रभावी ढंग से प्राप्त होती है, जिससे फसलों की वृद्धि एवं उत्पादन क्षमता में सुधार संभव है।
विशेषज्ञों ने इफको के प्राकृतिक सागरिका उत्पाद तथा नैनो डीएपी तरल के उपयोग से पारंपरिक एनपीके 12:32:16 जैसे रासायनिक उर्वरकों पर निर्भरता कम करने, पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने तथा उर्वरक अनुदानों की बचत के बारे में भी विस्तार से जानकारी साझा की। प्रतिभागियों को विभिन्न फील्ड ट्रायल्स के माध्यम से नैनो उर्वरकों के प्रयोग के लिए प्रेरित किया गया।
वरिष्ठ क्षेत्र प्रबंधक पवन सारस्वत ने निकट भविष्य में उर्वरकों की उपलब्धता, उनके विकल्पों तथा कृषि क्षेत्र में नैनो उर्वरकों के बढ़ते महत्व पर गंभीरता से चर्चा करते हुए कहा कि आधुनिक कृषि को टिकाऊ बनाने के लिए नई तकनीकों को अपनाना समय की आवश्यकता है।
शिविर के दौरान प्रतिभागियों ने नैनो उर्वरकों के उपयोग से संबंधित विभिन्न प्रश्न पूछे, जिनका विशेषज्ञों ने विस्तारपूर्वक समाधान किया। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने किसानों के बीच नैनो उर्वरकों के प्रति जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें