नगर परिषद के मुख्य बाजार में आवारा पशुओं का आतंक, आपसी लड़ाई से लोग दहशत में
नगर परिषद के मुख्य बाजार में आवारा पशुओं का आतंक, आपसी लड़ाई से लोग दहशत में
नूरपुर : विनय महाजन /
नूरपुर नगर परिषद क्षेत्र में एक बार फिर आवारा पशुओं की बढ़ती संख्या लोगों के लिए परेशानी का कारण बन रही है। विशेषकर बैलों की अधिक संख्या के चलते मुख्य बाजार में राहगीरों, व्यापारियों और वाहन चालकों को रोजाना कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
ताजा मामला नगर परिषद के मुख्य बाजार स्थित हनुमान मंदिर के समीप का है, जहां दो आवारा बैल आपस में भिड़ गए। उनकी लड़ाई के कारण बाजार में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। लोग अपनी सुरक्षा के लिए दूर खड़े होकर स्थिति सामान्य होने का इंतजार करते रहे। इस दौरान आने-जाने वाले लोगों और वाहन चालकों को भी काफी परेशानी उठानी पड़ी।
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले नगर परिषद के निर्वाचित पार्षदों ने भी जनहित में इस समस्या पर तत्काल कार्रवाई की मांग उठाई थी, जिसके बाद कुछ समय तक स्थिति में सुधार देखने को मिला। हालांकि अब एक बार फिर आवारा पशुओं की संख्या बढ़ने से लोगों की चिंता बढ़ गई है।
स्थानीय बुद्धिजीवियों और व्यापारियों ने प्रशासन से मांग की है कि आवारा पशुओं को शीघ्र पकड़कर सुरक्षित स्थान पर भेजा जाए, ताकि बाजार में किसी अप्रिय घटना से बचा जा सके।
इस संबंध में एसडीएम नूरपुर अरुण शर्मा ने कहा कि मामले को गंभीरता से लिया गया है और प्रशासन द्वारा शीघ्र आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रशासन को जनहित में नियमित और प्रभावी कदम उठाने चाहिए, ताकि इस समस्या का स्थायी समाधान हो सके।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें