सावन के दूसरे सोमवार पर 'हर-हर महादेव' के जयकारों से गूंजा रिवालसर, ऐतिहासिक शिव मंदिर में उमड़ा आस्था का सैलाब
सावन के दूसरे सोमवार पर 'हर-हर महादेव' के जयकारों से गूंजा रिवालसर, ऐतिहासिक शिव मंदिर में उमड़ा आस्था का सैलाब
अजय सूर्या रिवालसर । पवित्र सावन माह के दूसरे सोमवार को धार्मिक नगरी रिवालसर शिवभक्ति के रंग में पूरी तरह सराबोर नजर आई। सुबह की पहली किरण के साथ ही ऐतिहासिक शिव मंदिर सहित क्षेत्र के विभिन्न मंदिरों में श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। "हर-हर महादेव" और "बम-बम भोले" के गगनभेदी जयकारों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय वातावरण में डूब गया।
श्रद्धालुओं ने भगवान शिव के दर्शन कर जलाभिषेक, दुग्धाभिषेक और विशेष पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि एवं विश्व कल्याण की कामना की। मंदिरों में पुजारियों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच विधिवत पूजा संपन्न करवाई गई, जिससे वातावरण और अधिक आध्यात्मिक हो उठा।
रिवालसर स्थित ऐतिहासिक शिव मंदिर के अलावा शक्तिपीठ लक्ष्मी नारायण मंदिर, बाबा लोमश ऋषि मंदिर तथा बाबा ध्वजधारी मंदिर में भी सुबह से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं। महिलाओं, युवाओं और बुजुर्गों सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने श्रद्धा एवं भक्ति के साथ पूजा-अर्चना कर भोलेनाथ का आशीर्वाद प्राप्त किया।
सावन के दूसरे सोमवार के अवसर पर पूरे रिवालसर में आस्था, श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। मंदिरों में दिनभर धार्मिक अनुष्ठान, भजन-कीर्तन और पूजा-अर्चना का क्रम जारी रहा। भक्तों का मानना है कि सावन माह में भगवान शिव की आराधना करने से सभी मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं, यही कारण है कि इस पावन अवसर पर दूर-दूर से श्रद्धालु रिवालसर पहुंचकर भोलेनाथ के दर्शन कर पुण्य लाभ अर्जित कर रहे हैं।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें