नौरा पंचायत से शुरू हुआ 'संजीवनी शगुन योजना' महाअभियान, महिला सशक्तिकरण की दिशा में अनूठी पहल
नौरा पंचायत से शुरू हुआ 'संजीवनी शगुन योजना' महाअभियान, महिला सशक्तिकरण की दिशा में अनूठी पहल
पालमपुर,
कांगड़ा जिला के भेड़ू महादेव विकास खंड की नौरा पंचायत स्थित पिंडेश्वर महादेव मंदिर में बुधवार को महिला सशक्तिकरण एवं महिला स्वास्थ्य को समर्पित 'संजीवनी शगुन योजना' महाअभियान का शुभारंभ किया गया।
उपायुक्त कांगड़ा हेमराज बैरवा के निर्देशानुसार आयोजित इस महाअभियान का उद्देश्य महिलाओं को सरकारी एवं गैर-सरकारी योजनाओं की जानकारी उनके घर-द्वार तक पहुंचाना तथा उन्हें आत्मनिर्भर बनने के लिए मार्गदर्शन और सहयोग प्रदान करना है।
कार्यक्रम में ग्रामीण विकास विभाग से जुड़े ब्लॉक स्तर के अधिकारियों एवं उनके प्रतिनिधियों ने भाग लिया। महिलाओं को स्वरोजगार एवं उद्यमिता के लिए सरल और सुलभ ऋण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से लीड बैंक के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। वहीं उद्योग विभाग के ईओ अभिषेक ने महिलाओं को स्वरोजगार एवं उद्यमिता से जुड़ी विभिन्न सरकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी।
महाअभियान के दौरान पुलिस विभाग की ओर से विशेष जागरूकता सत्र आयोजित किया गया। इस अवसर पर भवारना थाना के प्रभारी इंस्पेक्टर गुरुदेव, धीरा पुलिस चौकी से एएसआई देशराज तथा हेड कांस्टेबल दिनेश उपस्थित रहे। थाना प्रभारी इंस्पेक्टर गुरुदेव ने महिलाओं एवं ग्रामीणों को चिट्टा मुक्त हिमाचल अभियान, साइबर अपराध से बचाव तथा यातायात नियमों के पालन के संबंध में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने ग्रामीणों से इन अभियानों को सफल बनाने के लिए पुलिस का सहयोग करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में तरसेम शर्मा, रोहित शर्मा (SBI Pay Point of India Business Partner), सेवानिवृत्त पंचायत इंस्पेक्टर सुरेश चंद, लेखराज (एफपीओ महादेव), उपप्रधान विकास धीमान, पिंडेश्वर महादेव मंदिर के पुजारी, एचपीएसआरएलएम ब्लॉक समन्वयक कंचन, संजीवनी शगुन योजना महाजागरूकता अभियान की ब्लॉक समन्वयक श्रीमती मेघा, श्रीमती बेबी, संजीवनी सखियां, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, आशा वर्कर तथा पंचायत के सभी जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं।
इस अवसर पर स्वयं सहायता समूहों एवं महिलाओं द्वारा तैयार किए गए उत्पादों की आकर्षक प्रदर्शनी भी लगाई गई, जिसमें स्थानीय स्तर पर निर्मित उत्पादों का प्रदर्शन किया गया।
गौरतलब है कि Human Rights and Anti Corruption Organization (राजस्थान) तथा गृहिणी स्वयं स्वरोजगार योजना संघ, कांगड़ा द्वारा जिला प्रशासन कांगड़ा के सहयोग से संजीवनी शगुन योजना संचालित की जा रही है।
गृहिणी स्वयं स्वरोजगार योजना संघ, कांगड़ा के अध्यक्ष अशोक पठानिया ने बताया कि इस महाअभियान का मुख्य उद्देश्य महिला स्वास्थ्य, कौशल विकास, स्थायी आजीविका तथा महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देना है। उन्होंने कहा कि सरकारी एवं गैर-सरकारी संस्थाओं के समन्वय से महिलाओं को विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की सही एवं समय पर जानकारी उपलब्ध कराई जा रही है। योजना के अंतर्गत ब्लॉक स्तर के अधिकारियों को पंचायतों में बुलाकर महिलाओं से सीधा संवाद करवाया जाता है, ताकि वे योजनाओं का अधिकतम लाभ उठा सकें।
उन्होंने बताया कि यह महाअभियान कांगड़ा जिले की सभी पंचायतों में चरणबद्ध तरीके से आयोजित किया जाएगा। योजना के अंतर्गत प्रत्येक पंचायत में 'संजीवनी सखी' नियुक्त की जा रही है, जो पंचायत स्तर पर महिलाओं को सरकारी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराने के साथ-साथ उन्हें विभिन्न सेवाओं से जोड़ने का कार्य करेगी।
अशोक पठानिया ने बताया कि स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार किए गए उत्पादों के विपणन के लिए बी-टू-सी (Business to Consumer) मार्केटिंग मॉडल विकसित किया जा रहा है। इसके तहत प्रदेश एवं प्रदेश से बाहर के व्यापारियों के साथ एमओयू किए जा रहे हैं, ताकि ग्रामीण महिलाओं के उत्पादों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराया जा सके। इसी उद्देश्य से पंजाब के कुछ व्यापारी भी कार्यक्रम में पहुंचे और महिला समूहों के उत्पादों की खरीद के लिए प्रारंभिक सहमति व्यक्त की।
कार्यक्रम के दौरान संजीवनी शगुन योजना सदस्यता अभियान का भी शुभारंभ किया गया। अशोक पठानिया ने बताया कि देशभर में योजना के सदस्यों की संख्या 25 लाख से अधिक हो चुकी है। योजना के तहत सदस्य बिना किसी सरकारी आर्थिक सहायता के आपसी सहयोग एवं स्वैच्छिक दान राशि के माध्यम से जरूरतमंद सदस्यों की सहायता करते हैं। सदस्यों को ग्रामीण स्तर पर कौशल विकास केंद्रों में निःशुल्क प्रशिक्षण, समय-समय पर निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर, थेरेपी सेवाएं तथा उत्पादों के विपणन की सुविधा उपलब्ध कराई जाती है। इसके अतिरिक्त सदस्यता के एक वर्ष पूर्ण होने के बाद निर्धारित नियमों के अनुसार पुत्र, पुत्री, भतीजा, भतीजी, भांजा अथवा भांजी के विवाह पर 5,100 से 11,000 तक की सहयोग राशि भी प्रदान की जाती है।
अंत में अशोक पठानिया ने इस महाअभियान के सफल आयोजन के लिए जिला प्रशासन कांगड़ा, विशेष रूप से उपायुक्त हेमराज बैरवा, तथा ब्लॉक प्रशासन का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि शीघ्र ही विकास खंड की अन्य पंचायतों में भी ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक महिलाओं तक सरकारी योजनाओं की सही जानकारी पहुंचे और वे आत्मनिर्भर बन सकें।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें