पानीपत में 60 वर्षीय किसान की हत्या, शव को प्लास्टिक के कट्टे में बांध साइकिल से 2.5 किमी दूर झाड़ियों में फेंका
पानीपत में 60 वर्षीय किसान की हत्या, शव को प्लास्टिक के कट्टे में बांध साइकिल से 2.5 किमी दूर झाड़ियों में फेंका
पानीपत (हरियाणा): पानीपत के एक गांव में 16 जुलाई से लापता 60 वर्षीय बुजुर्ग किसान रणबीर की हत्या की गुत्थी को परिजनों ने एक सीसीटीवी फुटेज की मदद से सुलझा लिया है। फुटेज के आधार पर परिवार वालों ने सूझबूझ दिखाते हुए आरोपी पड़ोसी को दबोचकर पुलिस के हवाले कर दिया, जिसकी निशानदेही पर पुलिस ने तीन दिन बाद शनिवार को शव बरामद किया।
कहासुनी के बाद सिर पर किया था वार
पुलिस जांच और आरोपी के कबूलनामे के अनुसार, मृतक किसान रणबीर और आरोपी सत्यवान पड़ोसी थे और साथ में खेतों में काम करते थे। 16 जुलाई की रात को खेत में काम करने के दौरान दोनों के बीच किसी बात को लेकर बहस हो गई। विवाद इतना बढ़ा कि दोनों में हाथापाई शुरू हो गई। इसी दौरान तैश में आकर सत्यवान ने पास पड़े धारदार हथियार से 60 वर्षीय रणबीर के सिर पर जोरदार वार कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
साइकिल पर लादकर 2.5 किमी दूर फेंका शव
हत्या के बाद सबूत मिटाने के उद्देश्य से आरोपी ने ट्यूबवेल के कमरे में रखा एक प्लास्टिक का कट्टा (बोरा) उठाया और उसमें रणबीर के शव को बंद कर दिया। इसके बाद उसने शव की गठरी को अपनी साइकिल के पीछे बांधा और पैदल ही करीब ढाई किलोमीटर दूर पसीना गांव की ओर ले गया। वहां उसने बिजली के पावर हाउस के पीछे जंगल की घनी झाड़ियों में शव को फेंक दिया और अपने घर आ गया। किसी को उस पर शक न हो, इसलिए वह पिछले दो दिनों से गांव में सामान्य रूप से घूम रहा था।
सीसीटीवी ने खोला राज, परिजनों ने पकड़ा आरोपी
रणबीर के लापता होने के बाद परिजन तीन दिनों तक उसे हर जगह ढूंढते रहे। शनिवार दोपहर को परिजनों के हाथ एक सीसीटीवी फुटेज लगी, जिससे पूरी घटना पर से पर्दा उठ गया। फुटेज के आधार पर शनिवार शाम को ही परिजनों और ग्रामीणों ने आरोपी सत्यवान को गांव से ही पकड़ लिया। जब उससे कड़ाई और सख्ती से पूछताछ की गई, तो वह घबरा गया और ज्यादा देर खुद को निर्दोष न बता पाने के कारण अपना गुनाह कबूल कर लिया।
झाड़ियों से क्षत-विक्षत शव बरामद
आरोपी के कबूलनामे के तुरंत बाद परिजनों ने सेक्टर-29 थाना पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आरोपी सत्यवान को हिरासत में लिया और उसकी निशानदेही पर पसीना गांव के पावर हाउस के पीछे जंगल की झाड़ियों से रणबीर का क्षत-विक्षत शव बरामद किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए सिविल अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया है।
थाना प्रभारी का बयान:
सेक्टर-29 थाना प्रभारी सुभाष ने फोन पर बताया कि रणबीर के भाई भोपाल की शिकायत के आधार पर शनिवार रात को गुमशुदगी दर्ज की गई थी। अब डेड बॉडी रिकवर कर ली गई है। हालांकि, आरोपी ने अभी तक झगड़े के मुख्य कारण का खुलासा नहीं किया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और जल्द ही पूरे मामले का पर्दाफाश किया जाएगा।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें