चौंतड़ा में स्मार्ट मीटरों के विरोध में व्यापारियों का प्रदर्शन, जबरन मीटर बदलने पर आंदोलन की चेतावनी
चौंतड़ा में स्मार्ट मीटरों के विरोध में व्यापारियों का प्रदर्शन, जबरन मीटर बदलने पर आंदोलन की चेतावनी
अजय सूर्या मंडी। बिजली के स्मार्ट मीटर लगाने तथा कथित तौर पर उपभोक्ताओं को डराने-धमकाने के विरोध में बुधवार को चौंतड़ा में जिला परिषद सदस्य कुशाल भारद्वाज के नेतृत्व में स्थानीय व्यापारियों ने जोरदार प्रदर्शन किया। इसके बाद व्यापारियों की बैठक आयोजित कर आगामी रणनीति पर भी चर्चा की गई।
प्रदर्शन में व्यापार मंडल चौंतड़ा के अध्यक्ष अनिल ठाकुर, उपाध्यक्ष अनिल सूद, सचिव रविंदर कुमार, त्रिलोक चौहान, डॉ. प्रभात शर्मा, सुरेंद्र राणा, पंकज सूद, लक्की, कपिल सूद, रामचंद, राजकुमार, अरुण, रणजीत, बिट्टू, रोशन लाल, गुर प्रसाद, शंभू, पंकज चौधरी, रंगीलू राम सहित बड़ी संख्या में व्यापारी शामिल हुए।
बैठक को संबोधित करते हुए कुशाल भारद्वाज ने आरोप लगाया कि स्मार्ट मीटर योजना बिजली वितरण के निजीकरण की दिशा में उठाया गया कदम है, जिससे भविष्य में उपभोक्ताओं पर आर्थिक बोझ बढ़ेगा, कर्मचारियों की नौकरियां और पेंशन प्रभावित हो सकती हैं। उन्होंने यह भी दावा किया कि स्मार्ट मीटरों की लागत उपभोक्ताओं से बिजली बिलों के माध्यम से वसूली जाएगी तथा प्रीपेड व्यवस्था से रिचार्ज समाप्त होते ही बिजली आपूर्ति बंद हो सकती है।
उन्होंने राज्य सरकार से स्मार्ट मीटर लगाने की प्रक्रिया तत्काल रोकने की मांग करते हुए कहा कि उपभोक्ताओं की सहमति के बिना मीटर बदले जाने का विरोध किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि योजना पर रोक नहीं लगी तो पूरे जोगिंदरनगर क्षेत्र में स्मार्ट मीटर विरोधी सत्याग्रह शुरू किया जाएगा।
इस अवसर पर वरिष्ठ व्यवसायी एवं पूर्व शिक्षक त्रिलोक चौहान, डॉ. प्रभात शर्मा, अनिल ठाकुर, अनिल सूद और रविंदर कुमार ने आरोप लगाया कि निजी कंपनी के कर्मचारी और कुछ अधिकारी उपभोक्ताओं व व्यापारियों के साथ अभद्र व्यवहार कर रहे हैं तथा जबरन पुराने मीटर हटाकर स्मार्ट मीटर लगाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की कार्रवाई का व्यापारी वर्ग पुरजोर विरोध करेगा।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें