डमटाल में बनेगा भव्य नेचर पार्क, पर्यटन और रोजगार को मिलेगी नई दिशा : मलेंद्र राजन
डमटाल में बनेगा भव्य नेचर पार्क, पर्यटन और रोजगार को मिलेगी नई दिशा : मलेंद्र राजन
नूरपुर : विनय महाजन /
नूरपुर इंदौरा विधानसभा क्षेत्र के विधायक मलेंद्र राजन ने कहा कि इंदौरा स्थित ठाकुर राम गोपाल मंदिर की भूमि पर डमटाल में एक भव्य नेचर पार्क का निर्माण किया जाएगा, जिसे धार्मिक पर्यटन की दृष्टि से विकसित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस परियोजना का उद्देश्य क्षेत्र को नई पहचान दिलाने के साथ-साथ पर्यटन को बढ़ावा देना और स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के अवसर सृजित करना है।
सोमवार को आयोजित शिलान्यास समारोह के दौरान विधायक मलेंद्र राजन ने विधिवत पूजा-अर्चना के उपरांत नेचर पार्क निर्माण कार्य का नींव पत्थर रखकर शिलान्यास पट्टिका का अनावरण किया। उन्होंने बताया कि लगभग 2.50 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले इस नेचर पार्क में आधुनिक सुविधाओं से युक्त कैफेटेरिया का निर्माण किया जाएगा। इसके अलावा स्वयं सहायता समूहों को स्वरोजगार उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से आउटलेट स्थापित किए जाएंगे, जहां वे अपने उत्पादों का विपणन कर सकेंगे। इससे स्थानीय स्तर पर रोजगार एवं आजीविका के नए अवसर सृजित होंगे।
मलेंद्र राजन ने कहा कि इस नेचर पार्क को क्षेत्र का प्रमुख आकर्षण बनाया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक पर्यटक यहां आएं। उन्होंने कहा कि माता वैष्णो देवी के दर्शन के लिए आने-जाने वाले श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों को भी इस स्थल की ओर आकर्षित करने के प्रयास किए जाएंगे। इससे इंदौरा क्षेत्र को पर्यटन के क्षेत्र में नई पहचान मिलेगी।
उन्होंने कहा कि सभी के सहयोग से इंदौरा विधानसभा क्षेत्र को एक मॉडल विधानसभा क्षेत्र के रूप में विकसित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि विधानसभा क्षेत्र में लगभग 100 करोड़ रुपये की लागत से सड़कों के उन्नयन एवं सुदृढ़ीकरण के कार्य प्रगति पर हैं। बेहतर एवं निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए 85 नए ट्रांसफार्मर स्थापित किए जा रहे हैं तथा विद्युत लाइनों को बदला जा रहा है। इसके अतिरिक्त जल शक्ति विभाग के माध्यम से लगभग 75 करोड़ रुपये की लागत से विभिन्न विकास कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विधानसभा क्षेत्र की सभी पंचायतों में व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण अभियान चलाया जाएगा, ताकि क्षेत्र को अधिक हरा-भरा एवं स्वच्छ बनाया जा सके। इस अवसर पर एसडीएम डॉ. सुरिंदर ठाकुर, तहसीलदार अपूर्व शर्मा, डीएसपी संजीव यादव, बीडीओ सुदर्शन सिंह, पीडब्ल्यूडी एक्सईन दीपक महाजन, एक्सईन विद्युत विभाग संदीप सनियाल, एसएचओ डमटाल विशाल राठौर, एसडीओ जल शक्ति अनिल ठाकुर, एसडीओ पीडब्ल्यूडी राजीव, ग्राम पंचायत डमटाल की प्रधान नीलम, उपप्रधान सनी गोयल, कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष देविंदर मनकोटिया, पोंग डैम एडवाइजरी कमेटी के निदेशक कुलदीप शर्मा, मनोहर सिंह तथा यूथ कांग्रेस अध्यक्ष विजेंद्र पठानिया सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें