झाड़-फूंक कराने जा रहे लोगों की बोलेरो को ट्रक ने रौंदा, 5 की मौत, 4 गंभीर
झाड़-फूंक कराने जा रहे लोगों की बोलेरो को ट्रक ने रौंदा, 5 की मौत, 4 गंभीर
सीहोर/राजगढ़: मध्य प्रदेश के सीहोर जिले के आष्टा-शुजालपुर मार्ग पर सोमवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसे में 5 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। सभी मृतक राजगढ़ जिले के भियापुरा गांव से एक मानसिक रूप से बीमार युवक का उपचार (झाड़-फूंक) कराने के लिए आष्टा जा रहे थे। इस हादसे में घायल 4 अन्य लोगों को गंभीर हालत में भोपाल रेफर किया गया है।
क्या है पूरा मामला?
भियापुरा निवासी 22 वर्षीय बनेसिंह तंवर मानसिक रूप से अस्वस्थ था। उसे उपचार के लिए ले जाने के उद्देश्य से परिजन सोमवार को एक किराए की बोलेरो (MP 42 ZG 0660) से आष्टा के लिए निकले थे। दोपहर करीब 2:45 बजे जब वे आष्टा-शुजालपुर मार्ग पर गोदी जोड़ के पास पहुंचे, तो सामने से आ रहे एक खाली ट्रक (MP 09 HH 8670) ने बोलेरो को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भयावह थी कि बोलेरो के परखच्चे उड़ गए। हादसा इतना भीषण था कि बोलेरो में फंसे शवों और घायलों को निकालने के लिए पुलिस और स्थानीय लोगों को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी और सब्बल की मदद से वाहन के हिस्से काटने पड़े।
मृतकों की पहचान
हादसे में मौके पर ही जान गंवाने वाले पांचों लोग निम्नलिखित हैं:
बनेसिंह (22) पिता देवीराम तंवर (बीमार युवक)
देवीराम (60) पिता काशीराम (बनेसिंह के पिता)
भगवान (50) पिता देवचंद्र
अमरसिंह (45) पिता कालूराम (बोलेरो चालक)
गुलाबचंद (30) पिता भंवरलाल
वहीं, इस हादसे में हेमराज, इंदर, राजाराम और राधेश्याम गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनका सीहोर में प्राथमिक उपचार के बाद भोपाल रेफर किया गया है।
ट्रक चालक मौके से फरार
हादसे के बाद ट्रक करीब 15 फीट दूर जाकर रुका और आरोपी चालक मौके से वाहन छोड़कर फरार हो गया। पार्वती थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है।
गांव में पसरा मातम
इस हादसे की खबर जैसे ही भियापुरा गांव में पहुंची, वहां मातम छा गया। परिजनों के लिए यह विश्वास करना मुश्किल हो रहा था कि जिस युवक को ठीक कराने के लिए वे आष्टा जा रहे थे, काल ने उसे और परिवार के अन्य सदस्यों को उनसे छीन लिया। गांव के लोग अन्य वाहनों से घटनास्थल और आष्टा के लिए रवाना हुए। पुलिस ने करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद मृतकों की शिनाख्त पूरी की।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें