लंज पुलिस चौकी में नव निर्वाचित पंचायत प्रतिनिधियों के साथ बैठक, नशे के खिलाफ जनसहयोग बढ़ाने पर दिया जोर
लंज पुलिस चौकी में नव निर्वाचित पंचायत प्रतिनिधियों के साथ बैठक, नशे के खिलाफ जनसहयोग बढ़ाने पर दिया जोर
शाहपुर: जनक पटियाल
पुलिस थाना कांगड़ा के अंतर्गत पुलिस चौकी लंज में रविवार को चौकी प्रभारी हामिद के नेतृत्व में क्षेत्र की विभिन्न पंचायतों के नव निर्वाचित पंचायत प्रतिनिधियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में पंचायत लंज खास, अपर लंज, डडोली, बौहडक्वालु, ठाकुरद्वारा, डाका पलेरा तथा गाहिलयां पंचायतों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
बैठक के दौरान प्रदेश सरकार द्वारा चलाए जा रहे नशा विरोधी अभियान के तहत लोगों को जागरूक करने और समाज से नशे की बुराई को समाप्त करने के लिए पंचायत प्रतिनिधियों की सक्रिय भूमिका पर विस्तार से चर्चा की गई। चौकी प्रभारी हामिद ने कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई केवल पुलिस की नहीं, बल्कि पूरे समाज की जिम्मेदारी है। इसके लिए पंचायत प्रतिनिधियों, युवाओं और आम जनता का सहयोग बेहद आवश्यक है।
उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों से अपील करते हुए कहा कि यदि उनके क्षेत्र में कोई संदिग्ध व्यक्ति दिखाई देता है या किसी प्रकार की नशा तस्करी अथवा अवैध गतिविधि की जानकारी मिलती है तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी और दोषियों के विरुद्ध कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
बैठक के दौरान पंचायत प्रतिनिधियों ने भी क्षेत्र से जुड़े विभिन्न मुद्दों को पुलिस के समक्ष रखा। प्रतिनिधियों ने विशेष रूप से बाहरी क्षेत्रों से आने वाले फेरीवालों का सत्यापन कराने तथा संदिग्ध गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने वालों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई की मांग उठाई। इस पर चौकी प्रभारी ने आश्वस्त किया कि पुलिस सभी मामलों पर गंभीरता से कार्रवाई करेगी और नियमित रूप से सत्यापन अभियान भी चलाए जाएंगे।
चौकी प्रभारी हामिद ने कहा कि पुलिस और जनता के बीच बेहतर समन्वय से ही अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सकता है। उन्होंने सभी पंचायत प्रतिनिधियों से अपने-अपने क्षेत्रों में लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने, युवाओं को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करने तथा कानून व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करने का आह्वान किया।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें