प्रदेश की त्रासदी को एक वर्ष, फिर भी आपदा प्रभावितों का दर्द बरकरार; पुनर्वास की राह अब भी अधूरी
प्रदेश की त्रासदी को एक वर्ष, फिर भी आपदा प्रभावितों का दर्द बरकरार; पुनर्वास की राह अब भी अधूरी
मंडी : अजय सूर्या /
प्रदेश में आई भीषण प्राकृतिक आपदा को एक वर्ष बीत चुका है, लेकिन प्रभावित परिवारों की स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं हो पाया है। एक वर्ष बाद भी बड़ी संख्या में लोग अस्थायी व्यवस्थाओं के सहारे जीवनयापन करने को मजबूर हैं। बरसात का मौसम एक बार फिर शुरू हो चुका है, जिससे प्रभावित परिवारों की चिंताएं और बढ़ गई हैं।
आपदा प्रभावितों का कहना है कि पिछले वर्ष जिन कठिन परिस्थितियों का सामना उन्हें करना पड़ा था, लगभग वही हालात आज भी बने हुए हैं। कई परिवार अब भी स्थायी पुनर्वास, सुरक्षित आवास और बुनियादी सुविधाओं की प्रतीक्षा कर रहे हैं।
इस बीच सरकार के राहत एवं पुनर्वास कार्यों को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। लोगों का कहना है कि केवल घोषणाओं और दावों से प्रभावित परिवारों का जीवन सामान्य नहीं हो सकता। उनका मानना है कि सरकार को बीते एक वर्ष के दौरान किए गए पुनर्वास, राहत और पुनर्निर्माण कार्यों का आत्ममंथन करना चाहिए तथा यह सुनिश्चित करना चाहिए कि प्रभावित परिवारों को शीघ्र स्थायी राहत मिले।
स्थानीय लोगों ने सरकार से मांग की है कि आपदा प्रभावित क्षेत्रों में पुनर्निर्माण कार्यों में तेजी लाई जाए, स्थायी पुनर्वास की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए और प्रभावित परिवारों को आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं, ताकि वे सम्मानपूर्वक और सुरक्षित जीवन जी सकें।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें