वायु प्रदूषण की रोकथाम एवं पर्यावरण संरक्षण के लिए जनसहभागिता आवश्यक : मलेंद्र राजन
वायु प्रदूषण की रोकथाम एवं पर्यावरण संरक्षण के लिए जनसहभागिता आवश्यक : मलेंद्र राजन
नूरपुर से विनय महाजननूरपुर प्रदेश की इंदौरा विधानसभा क्षेत्र के विधायक मलेंद्र राजन ने आज ग्राम पंचायत डमटाल में राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) की टीम के साथ आयोजित बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में क्षेत्र में वायु प्रदूषण की रोकथाम, हरित क्षेत्र के विस्तार तथा पर्यावरण संरक्षण से संबंधित विभिन्न विषयों पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई। इस दौरान अधिक से अधिक पौधारोपण करने, पौधों के संरक्षण को सुनिश्चित बनाने तथा वायु गुणवत्ता में सुधार के लिए समन्वित प्रयास करने पर बल दिया गया।विधायक मलेंद्र राजन ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण वर्तमान समय की महत्वपूर्ण आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में अधिक से अधिक पौधारोपण कर हरित आवरण बढ़ाया जाए तथा ऐसे स्थानों पर विशेष ध्यान दिया जाए, जहां मिट्टी एवं धूल के कण अधिक मात्रा में उड़ते हैं। उन्होंने संबंधित विभागों को ऐसे क्षेत्रों में आवश्यक प्रबंधन एवं प्रभावी उपाय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि धूल प्रदूषण पर नियंत्रण स्थापित किया जा सके। उन्होंने कहा कि वायु प्रदूषण की रोकथाम केवल सरकारी प्रयासों से संभव नहीं है, बल्कि इसके लिए आमजन की सक्रिय भागीदारी भी आवश्यक है। उन्होंने लोगों से पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक होकर पौधारोपण अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने तथा अपने आसपास स्वच्छ एवं हरित वातावरण बनाए रखने का आह्वान किया।
बैठक के दौरान एनजीटी की टीम एवं वन विभाग के अधिकारियों ने भी पर्यावरण संरक्षण, वायु प्रदूषण नियंत्रण तथा हरित क्षेत्र बढ़ाने के संबंध में आवश्यक सुझाव दिए। साथ ही उपस्थित लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करते हुए इस दिशा में सक्रिय सहयोग देने का आग्रह किया गया।
बैठक में बीडीओ सुदर्शन सिंह,आरओ अब्दुल हामिद,कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष देवेंद्र मनकोटिया,
ग्राम पंचायत डमटाल की प्रधान नीलम कुमारी, उपप्रधान सनी गोयल, वार्ड सदस्य राजेश कुमार, जगदीश, सतपाल, सुलिंदर तथा प्रदीप शर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें