चम्बा- भरमौर एनएच पर गैहरा के समीप एक दर्दनाक हादसा पेश आया है।
चम्बा- भरमौर एनएच पर गैहरा के समीप एक दर्दनाक हादसा पेश आया है।
चंबा : जितेन्द्र खन्ना /
एक निजी बस पर अचानक भारी पत्थर गिरने से उसमें सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। जानकारी के अनुसार निजी बस नंबर HP 30 A 0352 भरमौर में आयोजित एक शिवपूजन समारोह में हिस्सा लेने के बाद श्रद्धालुओं व मुसाफिरों को लेकर चम्बा की तरफ आ रही थी।
जैसे ही बस गैहरा से करीब 50 मीटर पीछे पहुंची, पहाड़ी से अचानक कुछ पत्थर पहाड़ी से लुढ़कते हुए बस की छत पर आ गिरे। हादसे के समय बस यात्रियों से भरी हुई थी। पत्थर गिरते ही बस के भीतर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत मुस्तैदी दिखाते हुए राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और घायल व हताहत हुए व्यक्तियों को बस से बाहर निकाला। स्थानीय जनता की मदद से सभी घायलों को तुरंत उपचार के लिए पंडित जवाहरलाल नेहरू राजकीय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल चम्बा ले जाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। वहीं, राजस्व विभाग और पुलिस की टीम ने भी मौके पर पहुंचकर छानबीन शुरू कर दी है। इस दुखद हादसे में जान गंवाने वाले मृतक की पहचान 21 वर्षीय साहिल पुत्र नाथो राम, निवासी गांव धरैह जीरो प्वाइंट गोली तहसील डलहौजी, जिला चम्बा के रूप में हुई है। वहीं, गंभीर रूप से घायल हुए लोगों में 60 वर्षीय गिलमो देवी पत्नी मूलराज निवासी गांव भस्डी डाकघर शेरपुर, तहसील डलहौजी), 19 वर्षीय कार्तिक पुत्र पवन कुमार निवासी गांव व डाकघर गोली तहसील डलहौजी, 65 वर्षीय गुड्डो पत्नी व्यास देव निवासी गांव छाना मोड़ डाकघर गोली, तहसील डलहौजी और 38 वर्षीय पिन्ता देवी पत्नी राज कुमार निवासी गांव भस्डी डाकघर शेरपुर, तहसील डलहौजी शामिल हैं। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी कानूनी व प्रशासनिक कार्रवाई शुरू कर दी है। एसपी चम्बा विजय कुमार सकलानी ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगामी कार्रवाई आरंभ कर दी है। पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।


टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें