दिव्यांग बच्चों की मुस्कान बनी सबसे बड़ा उपहार, एसडीएम स्मृतिका नेगी ने बांटे विशेष उपहार
दिव्यांग बच्चों की मुस्कान बनी सबसे बड़ा उपहार, एसडीएम स्मृतिका नेगी ने बांटे विशेष उपहार
अजय सूर्या नेरचौक : "खुशियाँ बाँटने से ही बढ़ती हैं"— इसी संदेश को साकार करते हुए एसडीएम बल्ह स्मृतिका नेगी ने इंडिया केयर्स के सहयोग से भंगरोटू एवं घासनू डे-केयर सेंटर के विशेष रूप से सक्षम (दिव्यांग) बच्चों को विशेष उपहार भेंट किए। इस अवसर पर बच्चों के चेहरों पर खिली मुस्कान और उनके उत्साह ने पूरे माहौल को भावुक और आनंदमय बना दिया।
एसडीएम स्मृतिका नेगी ने कहा कि समाज के प्रत्येक वर्ग की जिम्मेदारी है कि वह विशेष रूप से सक्षम बच्चों को आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करे और उन्हें सम्मान व अपनापन महसूस कराए। उन्होंने कहा कि ऐसे छोटे-छोटे प्रयास बच्चों के जीवन में बड़ा सकारात्मक बदलाव ला सकते हैं।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने उपहार पाकर अपनी खुशी का खुलकर इजहार किया। उनकी मुस्कान ने यह संदेश दिया कि संवेदनशीलता, अपनत्व और सामूहिक सहयोग से समाज को अधिक समावेशी और मानवीय बनाया जा सकता है।
इस प्रेरणादायक पहल के लिए एसडीएम बल्ह ने इंडिया केयर्स का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सामाजिक संस्थाओं का सहयोग जरूरतमंदों के जीवन में नई उम्मीद और खुशियाँ लेकर आता है। स्थानीय लोगों ने भी इस पहल की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायक कदम बताया।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें