भाजपा समर्थित ब्लॉक समिति अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष का पदग्रहण विकास की दृष्टि से ऐतिहासिक पल: त्रिलोक कपूर
भाजपा समर्थित ब्लॉक समिति अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष का पदग्रहण विकास की दृष्टि से ऐतिहासिक पल: त्रिलोक कपूर
भाजपा प्रदेश वरिष्ठ प्रवक्ता त्रिलोक कपूर ने कहा कि पालमपुर विधानसभा क्षेत्र में भाजपा समर्थित नव-निर्वाचित ब्लॉक समिति अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष का पदग्रहण समारोह विकास, सुशासन और जनसेवा के नए युग का शुभारंभ है।
त्रिलोक कपूर ने नव-निर्वाचित अध्यक्ष, उपाध्यक्ष एवं सभी निर्वाचित ब्लॉक समिति सदस्यों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि उनका नेतृत्व ग्रामीण विकास, पारदर्शिता, जनभागीदारी और सुशासन को नई गति देगा।
उन्होंने कहा कि भाजपा संगठन और जनप्रतिनिधि समन्वय के साथ पालमपुर विधानसभा क्षेत्र के सर्वांगीण एवं संतुलित विकास के लिए निरंतर कार्य करते रहेंगे। उन्होंने सभी निर्वाचित ब्लॉक समिति सदस्यों का अभिनंदन करते हुए उनके सफल एवं जनसेवा से परिपूर्ण कार्यकाल की शुभकामनाएँ दीं।
भाजपा नेता कपूर ने कहा कि शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों के समग्र विकास में नगर निगम और विकासखंड की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि इन संस्थाओं के गठन एवं सुदृढ़ीकरण में तत्कालीन मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के विशेष प्रयास और दूरदर्शी नेतृत्व का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
कपूर ने पालमपुर ग्रामीण क्षेत्र की जनता का भी आभार व्यक्त करते हुए कहा कि बड़ी संख्या में उपस्थित होकर लोगों ने नव-निर्वाचित अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष का स्वागत किया और उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएँ देकर लोकतंत्र के प्रति अपनी आस्था का परिचय दिया।
पदग्रहण समारोह के अवसर पर दोपहर बाद से ही भाजपा कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय लोगों में उत्साह का वातावरण देखने को मिला। पारंपरिक वाद्य यंत्रों और ढोल-नगाड़ों की गूंज के बीच भाजपा प्रदेश वरिष्ठ प्रवक्ता त्रिलोक कपूर तथा नव-निर्वाचित ब्लॉक समिति अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष का फूलमालाओं, पुष्पवर्षा और आतिशबाजी के साथ भव्य एवं गर्मजोशी से स्वागत किया गया। समारोह में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें