शादी के दो महीने बाद ही नवविवाहिता की संदिग्ध मौत
दिल्ली: शादी के दो महीने बाद ही नवविवाहिता की संदिग्ध मौत, गूगल सर्च हिस्ट्री ने बढ़ाई पुलिस की उलझन
नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली के लोधी कॉलोनी इलाके में एक 28 वर्षीय नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। शादी के महज दो महीने बाद हुई इस घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। मृतक की पहचान आकृति सुतार के रूप में हुई है, जिसकी पालिका कुंज स्थित NDMC फ्लैट्स से गिरकर जान चली गई।
ऑफिस में पार्टी, फिर मौत की खबर
परिजनों के अनुसार, आकृति छतरपुर स्थित एक नामी कंपनी में सेल्स एग्जीक्यूटिव थी। ससुराल में लगातार हो रहे कलह और मानसिक तनाव के कारण वह काफी परेशान थी। हालांकि, घटना वाले दिन आकृति ने अपने ऑफिस में सहकर्मियों के साथ अपनी शादी की खुशियाँ साझा करते हुए एक छोटी सी पार्टी दी थी। सब कुछ सामान्य लग रहा था, लेकिन इसके कुछ घंटे बाद ही उसके मौत की खबर ने सबको स्तब्ध कर दिया। सीसीटीवी फुटेज में उसे सोसाइटी में अकेले दाखिल होते हुए देखा गया है।
पुलिस जांच में चौंकाने वाली गूगल सर्च हिस्ट्री
मामले की जांच कर रही दिल्ली पुलिस के लिए डिजिटल साक्ष्य एक बड़ी पहेली बन गए हैं। जांच में सामने आया है कि आकृति के मोबाइल फोन से घटना वाले दिन दोपहर 2:22 बजे गूगल पर यह सर्च किया गया था— ‘क्या दूसरी मंजिल से नीचे गिरने पर किसी की मौत हो सकती है?’
इतना ही नहीं, पुलिस को उसकी पुरानी सर्च हिस्ट्री में मई महीने का एक और डराने वाला सर्च मिला है, जिसमें उसने पूछा था— ‘आसानी से कैसे मरें?’ इन डिजिटल सबूतों ने फिलहाल पुलिस के सामने सुसाइड की संभावना को भी मजबूती से खड़ा कर दिया है।
परिजनों ने लगाए दहेज हत्या के आरोप
वहीं, आकृति के मायके पक्ष ने इन दावों को पूरी तरह खारिज कर दिया है। परिजनों का आरोप है कि आकृति मानसिक रूप से बेहद मजबूत और जिंदादिल लड़की थी, वह कभी आत्महत्या जैसा कदम नहीं उठा सकती। उन्होंने ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए मानसिक प्रताड़ना देने और हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है।
पुलिस की कार्रवाई
पुलिस इस मामले में सुसाइड और मर्डर, दोनों ही पहलुओं से गहराई से छानबीन कर रही है। फॉरेंसिक टीम और डिजिटल एक्सपर्ट्स की मदद ली जा रही है ताकि यह साफ हो सके कि मौत के पीछे की असली सच्चाई क्या है। आकृति का परिवार फिलहाल न्याय की गुहार लगा रहा है और ससुराल पक्ष के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहा है।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें