रत्ती पंचायत में विकास कार्यों और जनसमस्याओं पर मंथन, सफाई व्यवस्था पर रहेगा विशेष फोकस
रत्ती पंचायत में विकास कार्यों और जनसमस्याओं पर मंथन, सफाई व्यवस्था पर रहेगा विशेष फोकस
नेरचौक : अजय सूर्या /
बल्ह विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत रत्ती में शनिवार को पंचायत प्रधान श्याम लाल की अध्यक्षता में विकास कार्यों और जनसमस्याओं को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में उपप्रधान पुष्प राज, सभी वार्ड सदस्य, पंचायत प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीणों ने भाग लिया।
बैठक के दौरान पंचायत क्षेत्र में सड़क, नालियों, पेयजल, स्वच्छता, स्ट्रीट लाइट और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं और सुझाव पंचायत के समक्ष रखे, जिन पर विचार-विमर्श के बाद आवश्यक निर्णय लिए गए।
पंचायत प्रधान श्याम लाल ने कहा कि ग्राम पंचायत रत्ती में स्वच्छता व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने बताया कि पंचायत क्षेत्र में सफाई व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा तथा सार्वजनिक स्थानों की नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित की जाएगी।
उन्होंने कहा कि पंचायत का उद्देश्य क्षेत्र का समग्र विकास करना है, जिसके लिए जनसहभागिता बेहद आवश्यक है। सभी विकास कार्य पारदर्शिता, गुणवत्ता और जनहित को ध्यान में रखकर किए जाएंगे। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
बैठक के अंत में पंचायत की ओर से सभी पंचायत प्रतिनिधियों और स्थानीय नागरिकों का सक्रिय सहयोग एवं सहभागिता के लिए आभार व्यक्त किया गया। प्रधान ने भविष्य में भी विकास कार्यों में इसी तरह जनसहयोग बनाए रखने की अपील की।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें