प्रदेश सरकार पंचायती राज संस्थाओं को सशक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध : मलेंद्र राजन
प्रदेश सरकार पंचायती राज संस्थाओं को सशक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध : मलेंद्र राजन
नूरपुर:-(विनय महाजन)
नूरपुर इंदौरा विधानसभा क्षेत्र के विधायक मलेंद्र राजन ने आज ग्राम पंचायत काठगढ़ में आयोजित ग्राम सभा में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। इस अवसर पर उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि ग्राम पंचायतें ग्रामीण विकास की आधारशिला हैं और प्रदेश सरकार पंचायती राज संस्थाओं को सशक्त बनाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैl उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों को पंचायती राज व्यवस्था की शक्तियों, अधिकारों एवं दायित्वों की विस्तार से जानकारी देते हुए कहा कि जनप्रतिनिधियों को अपने अधिकारों का सदुपयोग करते हुए जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देनी चाहिए। उन्होंने कहा कि सभी ग्राम पंचायतों को आवश्यकता एवं प्राथमिकता के अनुसार विकास कार्यों के लिए पर्याप्त धनराशि उपलब्ध करवाई जाएगी, ताकि प्रत्येक पंचायत में विकास कार्यों को प्रभावी ढंग से क्रियान्वित किया जा सके।विधायक ने बताया कि ग्राम पंचायत काठगढ़ के लिए नया विद्युत ट्रांसफार्मर स्वीकृत हो चुका है, जिसे शीघ्र ही स्थापित कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में लो-वोल्टेज की समस्या के स्थायी समाधान के लिए मुख्यमंत्री से आग्रह कर कंदरोड़ी विद्युत उपकेंद्र के रखरखाव एवं उन्नयन कार्य के लिए लगभग 2.5 करोड़ रुपये स्वीकृत करवाए गए हैं। उन्होंने यह भी बताया कि मौकी में 33 केवी विद्युत उपकेंद्र का निर्माण कार्य भी शीघ्र आरंभ किया जाएगा।उन्होंने कहा कि इंदौरा-काठगढ़ सड़क का निर्माण कार्य अंतिम चरण में है। इसके अतिरिक्त पूरे इंदौरा विधानसभा क्षेत्र में लगभग 100 करोड़ रुपये की लागत से विभिन्न सड़क परियोजनाओं पर कार्य प्रगति पर है। वहीं जल शक्ति विभाग द्वारा लगभग 80 करोड़ रुपये की लागत से विभिन्न पेयजल एवं अन्य विकास परियोजनाएं क्रियान्वित की जा रही हैं। उन्होंने बताया कि विधानसभा क्षेत्र में 85 नए विद्युत ट्रांसफार्मर स्वीकृत किए गए हैं, जिन्हें आवश्यकता वाले क्षेत्रों में चरणबद्ध तरीके से स्थापित किया जा रहा है।मलेंद्र राजन ने पंचायत प्रधानों, उपप्रधानों, बीडीसी सदस्यों एवं जिला परिषद सदस्यों से अपनी-अपनी पंचायतों में अपने नाम से कम से कम एक-एक पौधा लगाने तथा उसकी नियमित देखभाल करने का आह्वान किया। इसके साथ सभी नागरिकों से "स्वच्छता ही सेवा" अभियान को जनआंदोलन बनाने का आह्वान करते हुए नियमित स्वच्छता अभियान चलाने तथा लोगों को जागरूक करने का आग्रह किया।इस अवसर पर बीडीओ सुदर्शन सिंह,ग्राम पंचायत काठगढ़ की प्रधान रानी देवी, उपप्रधान चेतन सिंह, बीडीसी सदस्य करण परमार एवं विजय कुमार, पूर्व बीडीसी सुनीता कटोच, शेर अली, पूर्व प्रधान धर्मपाल,पंचायत प्रतिनिधि, विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें