ग्राम पंचायत बतराहन में पंजाब नेशनल बैंक द्वारा वित्तीय जागरूकता शिविर आयोजित !
ग्राम पंचायत बतराहन में पंजाब नेशनल बैंक द्वारा वित्तीय जागरूकता शिविर आयोजित !
पंजाब नेशनल बैंक, शाखा राजा का तालाब द्वारा ग्राम पंचायत बतराहन में ग्राम पंचायत प्रधान तमन्ना धीमान शर्मा की अध्यक्षता में एक वित्तीय जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य ग्रामीणों को बैंकिंग सेवाओं, डिजिटल भुगतान तथा केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देकर उन्हें वित्तीय रूप से जागरूक एवं सशक्त बनाना था।
शिविर के दौरान शाखा प्रबंधक रश्मि शर्मा ने उपस्थित ग्रामीणों को प्रधानमंत्री जनधन योजना, अटल पेंशन योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, डिजिटल बैंकिंग, यूपीआई भुगतान, साइबर सुरक्षा तथा अन्य बैंकिंग सुविधाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने लोगों से सुरक्षित डिजिटल लेन-देन अपनाने और बैंक की विभिन्न योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर उप प्रबंधक वरुण चौधरी, रजत कुमार, ग्राम पंचायत के उपप्रधान मुकेश मुन्ना, वार्ड सदस्य किरण बाला, पंचायत सचिव विजय सिंह, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता तरसेम सहित पंचायत प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। शिविर के दौरान ग्रामीणों ने बैंकिंग सेवाओं और सरकारी योजनाओं से जुड़े विभिन्न प्रश्न पूछे, जिनका बैंक अधिकारियों ने सरल एवं विस्तारपूर्वक समाधान किया।
कार्यक्रम के अंत में ग्राम पंचायत प्रधान तमन्ना धीमान शर्मा ने पंजाब नेशनल बैंक की इस सराहनीय पहल के लिए बैंक अधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे जागरूकता शिविर ग्रामीण क्षेत्रों में वित्तीय साक्षरता बढ़ाने, लोगों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने तथा डिजिटल बैंकिंग के प्रति विश्वास मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने भविष्य में भी इस प्रकार के जनहितकारी कार्यक्रम आयोजित करने की आवश्यकता पर बल दिया।
ज्वाली से राजेश कतनौरिया !

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें