रिवालसर में ओम शांति किड्स समर कैंप का शुभारंभ, बच्चों ने उत्साह से लिया भाग
रिवालसर में ओम शांति किड्स समर कैंप का शुभारंभ, बच्चों ने उत्साह से लिया भाग
अजय सूर्या | रिवालसर
प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय, रिवालसर द्वारा आयोजित तीन दिवसीय "ओम शांति किड्स समर कैंप" का शुभारंभ शिव दर्शन भवन (शिव मंदिर के पीछे) में दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। बीके सुनीता दीदी के मार्गदर्शन और बीके सोमा बहन के संयोजन में आयोजित इस शिविर में बच्चों, अभिभावकों और गणमान्य लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
मुख्य अतिथि एवं सरस्वती विद्या मंदिर रिवालसर की प्रधानाचार्या अनुपमा शर्मा ने कहा कि ब्रह्माकुमारीज द्वारा आयोजित ऐसे संस्कारमय शिविर बच्चों के व्यक्तित्व निर्माण, नैतिक मूल्यों, अनुशासन और आत्मविश्वास के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में बच्चों को शैक्षणिक शिक्षा के साथ जीवन मूल्यों की शिक्षा देना भी बेहद आवश्यक है।
कार्यक्रम में उपस्थित रश्मि महाजन ने बच्चों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश देते हुए जंक फूड और शीतल पेयों से दूरी बनाने तथा पौष्टिक भोजन, ताजे फल, हरी सब्जियों और पर्याप्त पानी के सेवन की सलाह दी। उन्होंने कहा कि स्वस्थ शरीर ही सफलता की मजबूत नींव होता है और ऐसे शिविर बच्चों में सकारात्मक सोच, आत्मविश्वास तथा सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करते हैं।
कैंप के पहले दिन बच्चों को प्रेरणादायक वीडियो दिखाए गए। बीके सोमा बहन ने सरल एवं रोचक उदाहरणों के माध्यम से सत्य, ईमानदारी, अनुशासन, सम्मान और सकारात्मक सोच जैसे नैतिक मूल्यों का महत्व समझाया तथा बच्चों को राजयोग मेडिटेशन का अभ्यास भी कराया।
शिविर में बच्चों के सर्वांगीण विकास के उद्देश्य से रोचक खेल, समूह गतिविधियां, रचनात्मक प्रतियोगिताएं और मनोरंजक कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें बच्चों ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया। पूरे आयोजन के दौरान सीखने, आनंद और आत्मीयता का माहौल बना रहा।
समापन पर बीके सुनीता दीदी ने सभी अतिथियों और अभिभावकों का आभार व्यक्त करते हुए बताया कि आगामी दिनों में व्यक्तित्व विकास, योग, मेडिटेशन, नैतिक शिक्षा और रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से बच्चों को बेहतर संस्कार और जीवन कौशल प्रदान किए जाएंगे।
.jpg)
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें