रिवालसर में तीन दिवसीय 'ओम शांति किड्स समर कैंप' का उत्साहपूर्ण समापन
रिवालसर में तीन दिवसीय 'ओम शांति किड्स समर कैंप' का उत्साहपूर्ण समापन
रिवालसर : अजय सूर्या /
प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय, रिवालसर द्वारा आयोजित तीन दिवसीय 'ओम शांति किड्स समर कैंप' का बुधवार को उत्साहपूर्ण माहौल में समापन हुआ। बीके सुनीता दीदी के मार्गदर्शन और बीके सोमा बहन के संयोजन में आयोजित शिविर में रिवालसर व आसपास के क्षेत्रों के बच्चों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। शिविर के दौरान बच्चों को जीवन कौशल, श्रेष्ठ संस्कार, राजयोग मेडिटेशन, व्यक्तित्व विकास, स्वास्थ्य एवं नैतिक मूल्यों से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से प्रेरित किया गया।
समापन समारोह में त्रिसंगम पब्लिक स्कूल के निदेशक बी.डी. शर्मा, सरस्वती विद्या मंदिर की प्रधानाचार्या अनुपमा, रश्मि गुप्ता, आरोग्यपीठ से के.सी. शर्मा तथा योग शिक्षिका गीतांजलि सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। मुख्य अतिथि बी.डी. शर्मा ने कहा कि जीवन में सफलता केवल शिक्षा से नहीं, बल्कि अच्छे संस्कार, सकारात्मक सोच, अनुशासन और आत्मविश्वास से मिलती है। उन्होंने बच्चों को हर परिस्थिति में प्रसन्न और सकारात्मक रहने का संदेश दिया।
शिविर के दौरान ड्राइंग प्रतियोगिता, रस्साकशी, चेयर गेम, लीडरशिप गेम सहित कई रचनात्मक और मनोरंजक गतिविधियां आयोजित की गईं। बीके सोमा बहन ने बच्चों को राजयोग मेडिटेशन का अभ्यास कराते हुए मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य के महत्व पर प्रकाश डाला तथा नैतिक मूल्यों, आत्मसम्मान और सकारात्मक सोच का संदेश दिया। इस दौरान सभी बच्चों ने "नशा मुक्त भारत–विकसित भारत" के निर्माण का संकल्प भी लिया।
समापन अवसर पर विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेता बच्चों को पुरस्कार तथा सभी प्रतिभागियों को उपहार देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के अंत में ब्रह्मा भोजन के साथ शिविर का समापन हुआ।
बीके सुनीता दीदी ने कहा कि शिविर का उद्देश्य बच्चों में श्रेष्ठ संस्कार, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और आध्यात्मिक जागरूकता विकसित करना था, जिसे बच्चों के उत्साह और अभिभावकों के सहयोग से सफलतापूर्वक पूरा किया गया। उपस्थित अतिथियों और अभिभावकों ने भविष्य में भी ऐसे संस्कारमय शिविरों के नियमित आयोजन की आवश्यकता पर बल दिया।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें