भरमौर: विकास की दावों की पोल, दुर्गठी पंचायत में बीमार को पालकी में ढोने को मजबूर ग्रामीण
भरमौर: विकास की दावों की पोल, दुर्गठी पंचायत में बीमार को पालकी में ढोने को मजबूर ग्रामीण
(भरमौर (चंबा): जितेन्द्र खन्ना)
चंबा जिले के जनजातीय क्षेत्र भरमौर की ग्राम पंचायत दुर्गठी के वार्ड नंबर-4 में विकास के दावों की जमीनी हकीकत हैरान करने वाली है। यहां सड़क जैसी बुनियादी सुविधा न होने के कारण ग्रामीणों को स्वास्थ्य संबंधी आपातकालीन स्थितियों में भी भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
हाल ही में सामने आई एक तस्वीर ने व्यवस्था की पोल खोल दी है, जिसमें ग्रामीण एक बीमार बुजुर्ग को चारपाई पर उठाकर (पालकी बनाकर) संकरे और खतरनाक पहाड़ी रास्तों से गुजरते हुए सड़क तक ले जाने को मजबूर दिखे।
सड़क के अभाव में नहीं पहुँच पाई एम्बुलेंस
जानकारी के अनुसार, संबंधित वार्ड में सड़क सुविधा न होने की वजह से एम्बुलेंस गांव तक नहीं पहुँच सकी। जब बुजुर्ग की तबीयत बिगड़ी, तो अस्पताल पहुँचाना एक बड़ी चुनौती बन गया। ग्रामीणों के पास कोई अन्य विकल्प न होने के कारण उन्होंने खुद ही मानवता का परिचय देते हुए बुजुर्ग को पालकी में बैठाया और कई किलोमीटर तक पैदल चलकर मुख्य सड़क तक पहुँचाया, जहाँ से उन्हें अस्पताल भेजा गया।
बुनियादी सुविधाओं के लिए तरस रहे ग्रामीण
स्थानीय लोगों का कहना है कि वे लंबे समय से सड़क सुविधा की मांग कर रहे हैं, लेकिन आज भी सड़क का निर्माण न होना उनके लिए एक सपना बना हुआ है। दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों और पक्के रास्तों के अभाव में आम लोगों का जीवन जोखिम में पड़ा है। ग्रामीणों ने प्रशासन और सरकार से मांग की है कि इस क्षेत्र की सुध ली जाए और प्राथमिकता के आधार पर सड़क सुविधा उपलब्ध करवाई जाए, ताकि भविष्य में किसी को भी ऐसी विकट परिस्थितियों का सामना न करना पड़े

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें