भाजपा केवल राजनीतिक दल नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण का संस्कार और विचार है : विपिन सिंह परमार
भाजपा केवल राजनीतिक दल नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण का संस्कार और विचार है : विपिन सिंह परमार
पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान के प्रशिक्षण शिविर में कार्यकर्ताओं को किया संबोधित
पालमपुर
भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं सुलह विधानसभा क्षेत्र के विधायक विपिन सिंह परमार ने धर्मशाला के डाढ स्थित जालंधर परिसर में आयोजित पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान के प्रशिक्षण शिविर को संबोधित करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण का संकल्प, संस्कार और विचार है। भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता स्वयं को सौभाग्यशाली समझे कि उसे ऐसे संगठन में कार्य करने का अवसर मिला है, जिसने राष्ट्रहित को सदैव सर्वोपरि रखा है।
उन्होंने कहा कि भाजपा का मूल मंत्र है— "Nation First, Party Second, Self Last" (राष्ट्र प्रथम, संगठन द्वितीय और स्वयं सबसे अंत में)। यही विचार भारतीय जनता पार्टी को अन्य राजनीतिक दलों से अलग पहचान देता है। यह पार्टी सत्ता के लिए नहीं, बल्कि भारत को विश्व का सबसे शक्तिशाली, समृद्ध और आत्मनिर्भर राष्ट्र बनाने के लिए कार्य करती है।
विपिन सिंह परमार ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का वैचारिक आधार राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की राष्ट्रवादी सोच और पंडित दीनदयाल उपाध्याय के एकात्म मानववाद के दर्शन पर आधारित है। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने दशकों से समाज सेवा, राष्ट्रभक्ति, सांस्कृतिक चेतना और सामाजिक समरसता को मजबूत करने का कार्य किया है। संघ के लाखों स्वयंसेवकों ने बिना किसी स्वार्थ के राष्ट्र और समाज की सेवा को अपना जीवन समर्पित किया है। इसी राष्ट्रवादी विचारधारा को आगे बढ़ाते हुए भाजपा ने सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण को अपनी प्राथमिकता बनाया है।
उन्होंने कहा कि स्वामी विवेकानंद ने युवाओं का आह्वान करते हुए कहा था कि राष्ट्र निर्माण का सबसे बड़ा माध्यम जागृत और चरित्रवान युवा शक्ति है। भाजपा उसी विचार को आत्मसात करते हुए युवाओं, महिलाओं, किसानों और समाज के प्रत्येक वर्ग को साथ लेकर विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में जुटी है।
परमार ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले वर्षों में भारत ने विकास, सुशासन और जनकल्याण के ऐसे नए आयाम स्थापित किए हैं, जिनकी पूरी दुनिया सराहना कर रही है। आज वैश्विक मंचों पर भारत की आवाज पहले से कहीं अधिक प्रभावशाली हुई है और विश्व भारत को सम्मान, विश्वास तथा नेतृत्व की दृष्टि से देख रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जन-धन योजना के माध्यम से 52 करोड़ से अधिक लोगों के बैंक खाते खोलकर देश के गरीबों को पहली बार औपचारिक बैंकिंग व्यवस्था से जोड़ा गया। उज्ज्वला योजना के तहत करोड़ों माताओं-बहनों को धुएं से मुक्ति दिलाकर सम्मानजनक जीवन दिया गया। आयुष्मान भारत योजना के माध्यम से गरीब परिवारों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुरक्षा उपलब्ध कराई गई। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि से किसानों को प्रतिवर्ष आर्थिक सहायता दी जा रही है। प्रधानमंत्री आवास योजन ा के तहत करोड़ों गरीब परिवारों को पक्के घर उपलब्ध कराए गए, जबकि प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के माध्यम से करोड़ों जरूरतमंद परिवारों तक मुफ्त राशन पहुंचाकर कठिन समय में उन्हें संबल दिया गया।
उन्होंने कहा कि अटल पेंशन योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना तथा प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना जैसी योजनाओं ने समाज के कमजोर और वंचित वर्गों को आर्थिक एवं सामाजिक सुरक्षा प्रदान की है। भाजपा सरकार ने योजनाओं को केवल घोषणाओं तक सीमित नहीं रखा, बल्कि उन्हें अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का कार्य किया है।
विपिन सिंह परमार ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि आज राहुल गांधी संविधान बचाने की बातें करते हैं, लेकिन देश कभी नहीं भूल सकता कि संविधान की आत्मा पर सबसे बड़ा आघात उसी दिन हुआ था, जब तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने वर्ष 1975 में पूरे देश पर आपातकाल थोप दिया था। उस दौर में लोकतंत्र का गला घोंटा गया, अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता छीन ली गई, हजारों राजनीतिक कार्यकर्ताओं को जेलों में बंद किया गया और संविधान की मूल भावना को कुचलने का प्रयास किया गया। इसलिए कांग्रेस को संविधान पर उपदेश देने से पहले अपने इतिहास का आत्ममंथन करना चाहिए।
उन्होंने कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता केवल चुनाव लड़ने वाला कार्यकर्ता नहीं, बल्कि राष्ट्रहित, सेवा, संगठन और समाज के प्रति समर्पित एक सजग प्रहरी है। प्रशिक्षण शिविरों का उद्देश्य भी कार्यकर्ताओं को पार्टी की विचारधारा, राष्ट्रवादी मूल्यों, संगठनात्मक कार्यपद्धति तथा सेवा भावना से और अधिक सशक्त बनाना है।
विपिन सिंह परमार ने कहा कि भारत आज विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में तेज़ी से आगे बढ़ रहा है और इस परिवर्तन की सबसे बड़ी शक्ति भाजपा का समर्पित कार्यकर्ता है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से आग्रह किया कि वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाएं तथा राष्ट्रहित को सर्वोच्च मानते हुए पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ संगठन को और मजबूत करें।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें