वार्षिक नौसैनिक एनसीसी प्रशिक्षण शिविर के सातवें दिन प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता एवं जल संरक्षण अभियान का आयोजन
वार्षिक नौसैनिक एनसीसी प्रशिक्षण शिविर के सातवें दिन प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता एवं जल संरक्षण अभियान का आयोजन
डीएवी पब्लिक स्कूल, बिलासपुर में आयोजित 1 हिमाचल प्रदेश नौसैनिक एनसीसी इकाई के 10 दिवसीय वार्षिक प्रशिक्षण शिविर (एटीसी-235) के सातवें दिन कैडेटों के बौद्धिक एवं सामाजिक विकास को ध्यान में रखते हुए विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया।
शिविर के अंतर्गत अंतर-संस्थान प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें प्रत्येक शिक्षण संस्थान से दो-दो कैडेटों सहित कुल 18 कैडेटों ने भाग लिया। प्रतियोगिता का संचालन लेफ्टिनेंट विशाल ठाकुर, एएनओ ने क्विज़ मास्टर के रूप में किया। प्रतियोगिता के प्रश्न नौसैनिक परिचय, भारतीय एवं हिमाचल प्रदेश सामान्य ज्ञान, नौसैनिक शब्दावली सहित विभिन्न विषयों पर आधारित थे। प्रतियोगिता में एनआईटी हमीरपुर ने प्रथम, डीएवी घुमारवीं ने द्वितीय तथा डीएवी दरलाघाट ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
इसके अतिरिक्त जल संरक्षण अभियान के अंतर्गत बिलासपुर के गांव निहाल कुनाला में एक बावड़ी की साफ-सफाई की गई तथा जल संरक्षण जागरूकता रैली निकाली गई। इस अभियान में 30 एनसीसी कैडेटों ने भाग लेकर ग्रामीणों को जल संरक्षण, वर्षा जल संचयन एवं जल स्रोतों की स्वच्छता बनाए रखने के प्रति जागरूक किया।
इस अवसर पर कमांडिंग ऑफिसर कमांडर सज्जन कुमार ने कहा कि एनसीसी का उद्देश्य केवल सैन्य प्रशिक्षण तक सीमित नहीं है, बल्कि कैडेटों में बौद्धिक क्षमता, सामाजिक उत्तरदायित्व एवं पर्यावरण संरक्षण की भावना विकसित करना भी है। उन्होंने कहा कि प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता ज्ञानवर्धन का प्रभावी माध्यम है, जबकि जल संरक्षण जैसे अभियान समाज के प्रति जिम्मेदारी का परिचायक हैं। उन्होंने कैडेटों से प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण एवं जनजागरूकता अभियानों में सदैव सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें