टैक्सी चालक दिनेश कुमार पर जानलेवा हमले की विधायक इंद्र सिंह गांधी ने की कड़ी निंदा, निष्पक्ष जांच की मांग
टैक्सी चालक दिनेश कुमार पर जानलेवा हमले की विधायक इंद्र सिंह गांधी ने की कड़ी निंदा, निष्पक्ष जांच की मांग
नेरचौक : अजय सूर्या /
बल्ह विधानसभा क्षेत्र के विधायक इंद्र सिंह गांधी ने ग्राम गुटकर निवासी एवं टैक्सी चालक दिनेश कुमार पर हुए कथित जानलेवा हमले की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए मामले की निष्पक्ष एवं उच्च स्तरीय जांच की मांग की है।
जारी बयान में विधायक ने कहा कि प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनेश कुमार मंगलवार देर रात मंडी से एक सवारी को लेकर हमीरपुर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान एक अज्ञात व्यक्ति ने उनके साथ मारपीट की और भोरंज पेट्रोल पंप के समीप वाहन से नीचे उतारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। हमले में उनके सिर पर गंभीर चोटें आईं और उन्हें जान से मारने का प्रयास किया गया।
इंद्र सिंह गांधी ने कहा कि घटना स्थल पर पहुंची पुलिस के साथ भी आरोपी द्वारा कथित रूप से मारपीट की गई। घायल दिनेश कुमार को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से उन्हें आगे उपचार के लिए रेफर किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि घायल को समय पर अपेक्षित चिकित्सीय सहायता और समुचित देखभाल नहीं मिल सकी, जिससे स्वास्थ्य व्यवस्था और पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े होते हैं।
विधायक ने प्रदेश सरकार और पुलिस प्रशासन से मांग की कि पूरे मामले की निष्पक्ष एवं उच्च स्तरीय जांच कर दोषी के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए। साथ ही यह भी जांच की जाए कि घायल को समय पर उचित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने में कहीं कोई लापरवाही तो नहीं हुई।
उन्होंने कहा कि दिनेश कुमार वर्तमान में एम्स बिलासपुर में उपचाराधीन हैं और उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करते हुए सरकार से पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता प्रदान करने की मांग की। विधायक ने कहा कि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाने चाहिए।


टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें