मुख्यमंत्री से मिले विधायक इंद्र सिंह गांधी, बल्ह क्षेत्र की जनहित मांगों को प्रमुखता से उठाया
मुख्यमंत्री से मिले विधायक इंद्र सिंह गांधी, बल्ह क्षेत्र की जनहित मांगों को प्रमुखता से उठाया
नेरचौक, (अजय सूर्या):
बल्ह विधानसभा क्षेत्र के विधायक इंद्र सिंह गांधी ने मंगलवार को शिमला स्थित मुख्यमंत्री आवास पर मुख्यमंत्री से शिष्टाचार भेंट कर क्षेत्र से जुड़े विभिन्न जनहित मुद्दों और विकास कार्यों को प्रमुखता से उठाया।
इस दौरान विधायक ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कन्या भंगरोटू तथा राजकीय प्राथमिक पाठशाला बनौण (शिक्षा खंड रिवालसर) को यथावत रखने के निर्णय के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह निर्णय विद्यार्थियों, अभिभावकों और स्थानीय लोगों की भावनाओं के अनुरूप है।
विधायक ने नगर निगम मंडी के वार्ड बैहना-14 को नगर निगम क्षेत्र से बाहर कर पंचायत का दर्जा देने अथवा पुनः पंचायत क्षेत्र में शामिल करने संबंधी ज्ञापन भी मुख्यमंत्री को सौंपा और इस पर सकारात्मक निर्णय लेने का आग्रह किया।
उन्होंने भंगरोटू मैदान का मुद्दा उठाते हुए कहा कि कोविड-19 महामारी के दौरान यहां कोविड सेंटर एवं मेक-शिफ्ट अस्पताल बनाया गया था। अब इस मैदान को पुनः राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला भंगरोटू को खेल मैदान के रूप में उपलब्ध कराया जाए, ताकि विद्यार्थियों और क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
बैठक में विधायक ने बल्ह विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न विभागों में लंबे समय से लंबित विकास कार्यों को शीघ्र शुरू करने की मांग भी रखी। साथ ही पेयजल योजनाओं, सड़कों, नालियों तथा अन्य आधारभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करने का आग्रह किया।
मुख्यमंत्री ने विधायक द्वारा उठाए गए सभी मुद्दों को गंभीरता से सुनते हुए आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया और जनहित एवं विकास से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाने का भरोसा दिलाया।
बैठक के बाद विधायक इंद्र सिंह गांधी ने मुख्यमंत्री का धन्यवाद करते हुए विश्वास जताया कि प्रदेश सरकार के सहयोग से बल्ह विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को नई गति मिलेगी और जनता की लंबे समय से लंबित समस्याओं का शीघ्र समाधान होगा।
.jpg)
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें