वृक्षारोपण पारिस्थितिकी संतुलन बनाए रखने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम - शरद कुमार लगवाल गलानग गांव में पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित
वृक्षारोपण पारिस्थितिकी संतुलन बनाए रखने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम - शरद कुमार लगवाल
गलानग गांव में पौधारोपण कार्यक्रम आयोजितज़िला एवं सत्र न्यायाधीश सोलन शरद कुमार लगवाल ने कहा कि समाज के सभी वर्गों को वृक्षारोपण अभियान का हिस्सा बनकर पारिस्थितिकी तंत्र के विकास और संरक्षण के मध्य संतुलन बनाए रखने में अपना सहयोग देना चाहिए। शरद कुमार लगवाल आज सोलन के निकट ग्राम पंचायत कोठों के गलानग गांव में आयोजित पौधारोपण कार्यक्रम में संबोधित कर रहे थे।
शरद कुमार लगवाल ने कहा कि वन हमारे ग्रह के फेफड़े हैं जो हमें आक्सीजन प्रदान करते हैं, कार्बन डाइऑक्साइड को अवशोषित करते हैं और विविध पारिस्थितिकी तंत्र को सहारा प्रदान करते हैं। वृक्षारोपण पारिस्थितिकी संतुलन बनाए रखने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है और विशेष रूप से जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने के लिए वृक्षारोपण अभियान शुरू करना समय की मांग है। हमें वृक्षारोपण कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर भाग लेना चाहिए और इस अभियान की सफलता के लिए जन सहभागिता नितांत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति को वृक्ष लगाने की जिम्मेदारी साझा करनी चाहिए और पर्यावरण संरक्षण और वृक्षारोपण अभियान का हिस्सा बनना चाहिए।
वन मंडलाधिकारी सोलन प्रदीप कुमार ने इससे पूर्व मुख्यातिथि का स्वागत किया और पौधारोपण अभियान पर विस्तृत जानकारी प्रदान की।
पौधरोपण अभियान के तहत विभिन्न प्रजातियों जैसे देवदार, पढ़ग, पाजा और खनूर के 70 पौधे रोपित किए गए।
सोलन मण्डल की सहायक वन अरण्यपाल चंद्रिका शर्मा ने इस अवसर पर उपस्थितजनों का धन्यवाद किया।
अतिरिक्त ज़िला एवं सत्र न्यायाधीश अभय मंडियाल, मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी दिव्या ज्योति पटियाल, जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण सोलन के सचिव प्रशांत सिंह नेगी, न्यायिक दंडाधिकारी जन्नत हायर, अधिवक्ता एस.एल. कश्यप, एच.एस. ठाकुर व शरद बाली, ग्राम पंचायत कोठों के प्रधान सुशांत ठाकुर, ग्राम पंचायत कोठों के उप प्रधान अंकुर ठाकुर सहित स्थानीय ग्रामीणों ने इस अवसर पर विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपित किए।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें