मानसून के दौरान हर स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहें: विधायक मलेंद्र राजन
मानसून के दौरान हर स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहें: विधायक मलेंद्र राजन
नूरपुर : विनय महाजन /
नूरपुर प्रदेश के विधायक मलेंद्र राजन ने आज राजकीय महाविद्यालय इंदौरा में संभावित बाढ़ एवं अन्य प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावी ढंग से निपटने के उद्देश्य से विभिन्न विभागों के अधिकारियों तथा पंचायत प्रतिनिधियों के साथ समीक्षा बैठक की।
उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए मानसून के दौरान हर स्थिति के लिए पूरी तरह तैयार रहने के निर्देश दिए।विधायक ने प्रशासन को निर्देश दिए कि बीबीएमबी के अधिकारियों के साथ नियमित समन्वय बनाए रखते हुए पौंग डैम के जलस्तर की लगातार जानकारी ली जाए। उन्होंने कहा कि यदि डैम से पानी छोड़ा जाना हो तो इसकी सूचना समय रहते पंचायत प्रतिनिधियों एवं प्रभावित क्षेत्रों के लोगों तक पहुंचाई जाए, ताकि लोगों को पहले से सतर्क किया जा सके।उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को आवश्यक दवाइयों एवं चिकित्सा सामग्री का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध रखने तथा खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग को जरूरत पड़ने पर आवश्यक खाद्यान्न एवं अन्य आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके अलावा अन्य सभी विभागों को भी आपदा की स्थिति में त्वरित राहत एवं बचाव कार्यों के लिए आवश्यक संसाधनों के साथ पूरी तरह तैयार रहने को कहा।मलेंद्र राजन ने कहा कि प्रदेश सरकार आपदा प्रबंधन को लेकर पूरी तरह गंभीर है और लोगों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि पंचायत स्तर पर आपदा प्रबंधन को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से विधानसभा क्षेत्र की पंचायतों को आपदा प्रबंधन किट उपलब्ध करवाई गई हैं, जिससे आपदा के समय प्रारंभिक राहत एवं बचाव कार्यों को अधिक प्रभावी बनाया जा सकेगा।बैठक में एसडीएम डॉ सुरिंदर ठाकुर, डीएसपी संजीव यादव, एनडीआरएफ के कंपनी कमांडर धर्मेंद्र ठाकुर, तहसीलदार अपूर्व शर्मा, बीडीओ सुदर्शन सिंह, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता दीपक महाजन, विद्युत बोर्ड के अधिशासी अभियंता संदीप सानिहाल, जल शक्ति विभाग के एसडीओ अश्विनी कुमार सहित अन्य विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी, पंचायतों के प्रतिनिधि तथा आपदा मित्र उपस्थित रहे।


टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें