युवा पीढ़ी को नशे से बचाने के लिए जागरूकता अभियान होगा तेज, राज्य स्तरीय मैराथन की तैयारियां शुरू
युवा पीढ़ी को नशे से बचाने के लिए जागरूकता अभियान होगा तेज, राज्य स्तरीय मैराथन की तैयारियां शुरू
नूरपुर : विनय महाजन /
यूथ अगेंस्ट ड्रग्स के तत्वावधान में आज एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया जिसमें संगठन के सदस्यों ने आगामी जन-जागरूकता कार्यक्रमों की रूपरेखा पर विस्तृत चर्चा की।क्लब के सदस्य रवि मैहरा ने जानकारी देते हुए बताया कि बैठक में इस बात पर विशेष जोर दिया गया कि बच्चों और युवाओं को नशे जैसी सामाजिक बुराई से दूर रखने के लिए स्कूलों, शिक्षण संस्थानों तथा विभिन्न सामाजिक संगठनों के सहयोग से व्यापक जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। सदस्यों ने कहा कि नशे के खिलाफ केवल कानून ही नहीं, बल्कि समाज की सक्रिय भागीदारी भी आवश्यक है। युवाओं को सकारात्मक गतिविधियों से जोड़कर ही नशे की बढ़ती प्रवृत्ति पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सकता है।
बैठक के दौरान आगामी नवंबर माह में आयोजित होने वाली राज्य स्तरीय मैराथन की तैयारियों को लेकर भी विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। आयोजन को सफल बनाने के लिए विभिन्न समितियों के गठन, जनसहभागिता बढ़ाने, प्रचार-प्रसार तथा व्यवस्थाओं को लेकर सुझाव साझा किए गए। वक्ताओं ने विश्वास जताया कि यह मैराथन नशा मुक्ति का सशक्त जन-जागरूकता अभियान बनेगी और बड़ी संख्या में युवाओं, विद्यार्थियों एवं आम नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित करेगी।बैठक के अंत में सभी सदस्यों ने एकजुट होकर समाज को नशा मुक्त बनाने, युवाओं को सही दिशा देने तथा जन-जागरूकता अभियानों को गांव-गांव और शहर-शहर तक पहुंचाने का संकल्प लिया।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें