नशा तस्करी, अवैध खनन और वन कटान रोकने के लिए पुलिस को ड्रोन तकनीक से लैस करने की मांग
नशा तस्करी, अवैध खनन और वन कटान रोकने के लिए पुलिस को ड्रोन तकनीक से लैस करने की मांग
नूरपुर : विनय महाजन /
नूरपुर अंतरराष्ट्रीय मानवाधिकार संघ प्रदेश के निदेशक राजेश सिंह पठानियां ने पुलिस अधीक्षक, पुलिस जिला नूरपुर को आज एक ज्ञापन सौंपकर नशा तस्करी, अवैध वन कटान और अवैध खनन पर प्रभावी रोक लगाने के लिए पुलिस को ड्रोन जैसी अत्याधुनिक तकनीक से लैस करने की मांग की है।
ज्ञापन में कहा गया है कि नूरपुर को पुलिस जिला बनाए जाने के बाद पुलिस द्वारा इन अपराधों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है लेकिन अपेक्षित परिणाम अभी भी सामने नहीं आ रहे हैं। संघ का कहना है कि कई बार शिकायत मिलने के बावजूद पुलिस के घटनास्थल पर पहुंचने तक आरोपी फरार हो जाते हैं, जिससे कार्रवाई का उद्देश्य अधूरा रह जाता है।राजेश सिंह पठानियां ने सुझाव दिया कि यदि पुलिस के पास ड्रोन और आधुनिक निगरानी प्रणाली उपलब्ध हो तो रात के समय होने वाले अवैध खनन, जंगलों में पेड़ों की कटाई तथा नशा तस्करी जैसी गतिविधियों पर वास्तविक समय में नजर रखी जा सकती है। इससे अपराधियों को मौके पर ही पकड़ना आसान होगा और उनकी सप्लाई चेन को भी प्रभावी ढंग से तोड़ा जा सकेगा।ज्ञापन में यह भी कहा गया है कि हाईटेक तकनीक के उपयोग से शिकायतकर्ताओं की सुरक्षा बढ़ेगी, जनता का पुलिस पर विश्वास मजबूत होगा तथा पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने में भी मदद मिलेगी।अंतरराष्ट्रीय मानवाधिकार संघ ने पुलिस प्रशासन को हरसंभव सहयोग देने का आश्वासन देते हुए इस दिशा में शीघ्र आवश्यक कदम उठाने का आग्रह किया है।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें