विकास खंड फतेहपुर की ग्राम पंचायत टकोली घिरथा के एक गांव में एक आवारा बैल के साथ क्रूरता का मामला सामने आया है
विकास खंड फतेहपुर की ग्राम पंचायत टकोली घिरथा के एक गांव में एक आवारा बैल के साथ क्रूरता का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार किसी अज्ञात व्यक्ति ने बैल की टांग पर किसी तेजधार हथियार से गहरा घाव कर दिया, जिससे उसे चलने-फिरने में काफी परेशानी हो रही थी।
घटना की सूचना ग्रामीणों ने पंचायत के पूर्व प्रधान एवं श्री मणिमहेश गौसदन खब्बल हार के सदस्य लक्की स्टार रिहालिया को दी। सूचना मिलते ही लक्की स्टार रिहालिया अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उनके साथ फार्मासिस्ट वंटी चौधरी और रमीत खट्टा भी मौजूद रहे। टीम ने घायल बैल का प्राथमिक उपचार कर उसकी मरहम-पट्टी की।
इस अवसर पर श्री मणिमहेश गौसदन खब्बल हार के सदस्य लक्की स्टार रिहालिया, पवन कुमार जट, प्रेम कुमार, सौरभ कुमार और गणेश कुमार ने पशुपालन विभाग से आग्रह किया कि घायल आवारा बैल को शीघ्र गौसदन पहुंचाया जाए, ताकि उसका समुचित उपचार और देखभाल सुनिश्चित की जा सके। साथ ही उन्होंने पशुओं के साथ इस प्रकार की क्रूरता करने वाले अज्ञात व्यक्ति की पहचान कर उसके विरुद्ध उचित कार्रवाई की भी मांग की। ज्वाली :- राजेश कतनौरिया

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें