कंसा डंपिंग साइट मामले की निष्पक्ष जांच की मांग, जिला परिषद सदस्य अनील सैनी ने डीसी को सौंपा ज्ञापन
कंसा डंपिंग साइट मामले की निष्पक्ष जांच की मांग, जिला परिषद सदस्य अनील सैनी ने डीसी को सौंपा ज्ञापन
नेरचौक, । नेरचौक नगर परिषद के अंतर्गत कंसा डंपिंग साइट पर कथित अव्यवस्थित कूड़ा प्रबंधन को लेकर गोडा-गागल वार्ड के जिला परिषद सदस्य अनील सैनी ने ग्रामीणों के साथ उपायुक्त मंडी को ज्ञापन सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग उठाई है।
ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि नगर परिषद द्वारा वैज्ञानिक तरीके से कचरे का निस्तारण करने के बजाय गीले कचरे को जमीन में दबाया जा रहा है, जिससे पर्यावरण प्रदूषण के साथ-साथ आसपास के लोगों के स्वास्थ्य पर गंभीर खतरा उत्पन्न हो रहा है। साथ ही, कचरा प्रबंधन के लिए लाखों रुपये की लागत से खरीदी गई मशीनों का समुचित उपयोग नहीं किए जाने तथा सफाई एवं कूड़ा प्रबंधन पर हर महीने लाखों रुपये खर्च होने के बावजूद अपेक्षित परिणाम न मिलने पर भी सवाल उठाए गए हैं।
जिला परिषद सदस्य अनील सैनी ने कहा कि यदि समय रहते व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया तो क्षेत्र की जनता के स्वास्थ्य पर गंभीर प्रभाव पड़ सकता है। उन्होंने प्रशासन एवं प्रदूषण नियंत्रण से जुड़े विभागों से संयुक्त जांच कराकर जिम्मेदार अधिकारियों और संबंधित ठेकेदारों की जवाबदेही तय करने की मांग की।
इस दौरान ग्राम पंचायत के प्रधान अश्वनी सैनी सहित अन्य ग्रामीण भी मौजूद रहे। ग्रामीणों का आरोप है कि डंपिंग साइट पर गीले कचरे को मिट्टी में दबाने से दुर्गंध फैल रही है और भूजल प्रदूषित होने का खतरा बढ़ गया है। उनका कहना है कि इस संबंध में कई बार नगर परिषद अधिकारियों को शिकायतें दी गईं, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई।
ग्रामीणों ने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द ही प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई तो वे व्यापक जन आंदोलन शुरू करने के लिए बाध्य होंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनता के स्वास्थ्य और पर्यावरण से किसी भी प्रकार का खिलवाड़ स्वीकार नहीं किया जाएगा

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें