हिमालयन जागृति मंच ने रेल नेटवर्क विस्तार और लंबित परियोजनाओं को गति देने की उठाई मांग
हिमालयन जागृति मंच ने रेल नेटवर्क विस्तार और लंबित परियोजनाओं को गति देने की उठाई मांग
पालमपुर। हिमालयन जागृति मंच की प्रदेश समिति की बैठक रविवार को पालमपुर में आयोजित हुई। बैठक में मंच द्वारा पिछले चार दशकों से चलाए जा रहे जनआंदोलनों और प्रदेश की लंबित समस्याओं पर चर्चा की गई।
बैठक में पठानकोट–जोगिंद्रनगर नैरोगेज रेल लाइन को ब्रॉडगेज में बदलने, पठानकोट–मंडी फोरलेन कार्य शीघ्र पूरा करने, हिमाचल में विदेशियों की अवैध गतिविधियों पर रोक, प्राकृतिक संसाधनों पर प्रदेश के अधिकार तथा पर्यावरण अनुकूल उद्योग स्थापित करने की मांग दोहराई गई।
मंच ने कहा कि बरसात और प्राकृतिक आपदाओं के दौरान सड़कों के बंद होने से प्रदेश का संपर्क प्रभावित होता है, इसलिए हिमाचल में रेल नेटवर्क का विस्तार समय की आवश्यकता है। मंच ने केंद्र और राज्य सरकार से पठानकोट–जोगिंद्रनगर रेल लाइन को ब्रॉडगेज कर मंडी तक विस्तारित करने और इसे बिलासपुर–मनाली रेल परियोजना से जोड़ने की मांग की।
बैठक में यह भी बताया गया कि इस परियोजना का फाइनल लोकेशन सर्वे वर्ष 2017 में पूरा हो चुका है और मामला केंद्रीय कैबिनेट के विचाराधीन है। मंच ने सरकार से परियोजना को शीघ्र स्वीकृति देकर बजट में पर्याप्त धनराशि उपलब्ध कराने तथा जनप्रतिनिधियों से इस मुद्दे को संसद और विधानसभा में प्रभावी ढंग से उठाने की अपील की।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें