फतेहपुर में गरमाई भाजपा की राजनीति: स्वर्ण सिंह राणा बोले— टिकट स्थानीय धरतीपुत्र को मिले
फतेहपुर में गरमाई भाजपा की राजनीति: स्वर्ण राणा बोले— टिकट स्थानीय धरतीपुत्र को मिले
ज्वाली : राजेश कतनौरिया /
फतेहपुर विधानसभा क्षेत्र में भाजपा की राजनीति एक बार फिर चर्चा में आ गई है। क्षेत्र के भाजपा कर्मठ कार्यकर्ता स्वर्ण सिंह राणा ने बागी नेताओं और बाहरी व्यक्तियों की पार्टी में वापसी को लेकर बड़ा बयान देते हुए कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा का टिकट किसी स्थानीय धरतीपुत्र और जमीनी कार्यकर्ता को ही मिलना चाहिए।
राणा ने कहा कि फतेहपुर क्षेत्र की जनता ऐसे नेतृत्व की अपेक्षा रखती है, जो वर्षों से क्षेत्र के लोगों के सुख-दुख में शामिल रहा हो और स्थानीय समस्याओं को भलीभांति समझता हो। उन्होंने कहा कि चुनाव के समय सक्रिय होने वाले बाहरी नेताओं की अपेक्षा उन कार्यकर्ताओं को प्राथमिकता मिलनी चाहिए, जिन्होंने लंबे समय तक संगठन को मजबूत करने के लिए कार्य किया है।
उन्होंने बागी नेताओं की वापसी पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि पार्टी के प्रति समर्पित और निष्ठावान कार्यकर्ताओं की उपेक्षा नहीं होनी चाहिए। राणा ने कहा कि भाजपा एक अनुशासित संगठन है और इसमें उन कार्यकर्ताओं का सम्मान होना चाहिए, जिन्होंने हर परिस्थिति में पार्टी का साथ दिया है।
स्वर्ण सिंह राणा ने स्पष्ट किया कि वह इस समय पूर्व जिला परिषद उपाध्यक्ष एवं भाजपा नेता जगदेव ठाकुर के साथ हैं और उनके प्रचार-प्रसार में सक्रिय रूप से कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि भाजपा किसी अन्य स्थानीय धरतीपुत्र को भी टिकट देती है, तो वह उसका भी पूरी निष्ठा और मजबूती से समर्थन करेंगे।
राणा ने कहा, "मेरा एक ही मकसद है कि इस बार फतेहपुर विधानसभा क्षेत्र में कमल खिलाना है। व्यक्तिगत महत्वाकांक्षा से ऊपर संगठन और पार्टी की जीत मेरे लिए सबसे महत्वपूर्ण है।"
उन्होंने आगे कहा कि यदि पार्टी स्थानीय कार्यकर्ताओं की भावनाओं का सम्मान करती है, तो फतेहपुर विधानसभा क्षेत्र में भाजपा और अधिक मजबूती के साथ आगे बढ़ेगी। साथ ही उन्होंने विश्वास जताया कि पार्टी नेतृत्व क्षेत्रीय परिस्थितियों और कार्यकर्ताओं की भावनाओं को ध्यान में रखते हुए उचित निर्णय करेगा।
स्वर्ण सिंह राणा के इस बयान के बाद फतेहपुर क्षेत्र में राजनीतिक चर्चाओं का दौर तेज हो गया है और भाजपा टिकट को लेकर स्थानीय स्तर पर नई बहस शुरू हो गई है।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें