80% मस्कुलर डिस्ट्रॉफी से जूझ रहे सुरेंद्र कुमार के घर व्यापार मंडल नेरचौक ने लगवाई सुरक्षा फेंसिंग मां को मिली बड़ी राहत, मानवीय पहल बनी समाज के लिए प्रेरणा
80% मस्कुलर डिस्ट्रॉफी से जूझ रहे सुरेंद्र कुमार के घर व्यापार मंडल नेरचौक ने लगवाई सुरक्षा फेंसिंग
मां को मिली बड़ी राहत, मानवीय पहल बनी समाज के लिए प्रेरणा
अजय सूर्या, नेरचौक।
मानवता और सामाजिक सरोकार की मिसाल पेश करते हुए व्यापार मंडल नेरचौक ने 80 प्रतिशत मस्कुलर डिस्ट्रॉफी से पीड़ित सुरेंद्र कुमार के परिवार की सहायता के लिए सराहनीय पहल की है। व्यापार मंडल के सहयोग से उनके घर के बरामदे के चारों ओर लोहे की सुरक्षा फेंसिंग लगवाई गई है, जिससे सुरेंद्र कुमार की सुरक्षा सुनिश्चित होने के साथ उनकी देखभाल कर रही उनकी माता को भी बड़ी राहत मिली है।
जानकारी के अनुसार, कुछ दिन पूर्व व्यापार मंडल नेरचौक के अध्यक्ष काका जी, छोटू राम ठाकुर और निशांत महाजन ने सुरेंद्र कुमार के घर पहुंचकर परिवार की परिस्थितियों का जायजा लिया था। इस दौरान परिवार की जरूरतों को समझते हुए हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया गया था। इसी क्रम में अब घर के बरामदे में सुरक्षा के लिए आयरन फेंसिंग स्थापित करवाई गई है।
इस व्यवस्था से अब सुरेंद्र कुमार को सुरक्षित वातावरण में धूप में बैठाया जा सकेगा तथा उनकी देखभाल पहले की अपेक्षा अधिक आसान हो जाएगी। साथ ही आवारा पशुओं और अन्य बाहरी जोखिमों से भी परिवार को सुरक्षा मिलेगी।
इससे पहले भी समाजसेवियों ने परिवार की मदद की थी। IndiaCares के माध्यम से सुरेंद्र कुमार को एक विशेष बेड उपलब्ध कराया गया था, जबकि समाजसेवी सरबजीत सिंह बॉबी ने 25 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की थी। इन सहयोगों से परिवार को बेहतर और सम्मानजनक जीवन जीने में मदद मिली है।
इस अवसर पर टेकेंद्र के योगदान की भी सराहना की गई, जिन्होंने लगातार इस परिवार के साथ खड़े रहकर विभिन्न सामाजिक संगठनों और सहयोगकर्ताओं को जोड़ने का कार्य किया। उनके प्रयासों से समय-समय पर जरूरतमंद परिवार तक आवश्यक सहायता पहुंचती रही है।
परिवार ने व्यापार मंडल नेरचौक, अध्यक्ष काका जी, छोटू राम ठाकुर, निशांत महाजन, टेकेंद्र, IndiaCares, सरबजीत सिंह बॉबी तथा सभी सहयोगकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे प्रयास समाज में सेवा, संवेदनशीलता और मानवता की सच्ची मिसाल हैं।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें