जल जीवन मिशन के 1227 करोड़ रुपये लंबित, केंद्र पर भेदभाव का आरोप: उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री
जल जीवन मिशन के 1227 करोड़ रुपये लंबित, केंद्र पर भेदभाव का आरोप: उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री
नूरपुर : विनय महाजन /
नूरपुर। प्रदेश के उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने चंबा से लौटते समय नूरपुर में पत्रकारों से बातचीत के दौरान केंद्र सरकार पर जल जीवन मिशन के तहत हिमाचल प्रदेश की 1227 करोड़ रुपये की राशि लंबित रखने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि इस कारण प्रदेश की कई महत्वपूर्ण पेयजल योजनाओं की गति प्रभावित हुई है और ठेकेदारों के भुगतान भी अटक गए हैं।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि पिछली सरकार ने चुनाव से पहले जल जीवन मिशन के कार्य पूरे होने का दावा किया था, लेकिन आज भी प्रदेश में कई योजनाएं अधूरी हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार की ओर से फंड जारी नहीं किए जाने के कारण लगभग 100-100 करोड़ रुपये की तीन बड़ी पेयजल परियोजनाएं प्रभावित हुई हैं।
उन्होंने बताया कि जल जीवन मिशन के तहत हिमाचल प्रदेश को केंद्र सरकार से लगभग 6 हजार करोड़ रुपये मिलने थे, जिनमें से 1227 करोड़ रुपये अभी तक जारी नहीं किए गए हैं। उनका कहना था कि राज्य सरकार ने केंद्र की सभी आवश्यक शर्तें और औपचारिकताएं पूरी कर दी हैं, इसके बावजूद लंबित राशि जारी नहीं की गई।
मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने विकास कार्यों को रुकने से बचाने के लिए अपने स्तर पर 100 करोड़ रुपये जारी किए हैं, लेकिन फंड की कमी के कारण कई ठेकेदारों का भुगतान अभी भी लंबित है। उन्होंने विश्वास जताया कि लंबित राशि मिलते ही अधूरी योजनाओं को तेजी से पूरा किया जा सकेगा।
उपमुख्यमंत्री ने केंद्र सरकार से जल जीवन मिशन की लंबित राशि शीघ्र जारी करने की मांग दोहराते हुए कहा कि इससे प्रदेश की अधूरी पेयजल योजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा कर हर घर तक सुरक्षित पेयजल पहुंचाने के लक्ष्य को हासिल किया जा सकेगा।
इस अवसर पर फतेहपुर के विधायक एवं राज्य योजना बोर्ड के उपाध्यक्ष भवानी सिंह पठानिया भी उपस्थित रहे।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें