भारत को जानो परीक्षा में सुंदरनगर के 10 स्कूलों के 2130 विद्यार्थियों ने लिया भाग
भारत को जानो परीक्षा में सुंदरनगर के 10 स्कूलों के 2130 विद्यार्थियों ने लिया भाग
अजय सूर्या सुंदरनगर। भारत विकास परिषद, सुंदरनगर शाखा द्वारा “भारत को जानो” अखिल भारतीय लिखित परीक्षा का सफल आयोजन किया गया। शाखा अध्यक्ष शिवांश सोनी के नेतृत्व में आयोजित परीक्षा में सुंदरनगर के 10 स्कूलों के 2130 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
परीक्षा का उद्देश्य विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति, इतिहास, परंपराओं और देश की गौरवशाली विरासत से परिचित करवाना रहा। विद्यार्थियों की बड़ी संख्या में सहभागिता ने भारत विकास परिषद, सुंदरनगर शाखा की सक्रियता और संगठनात्मक मजबूती को दर्शाया।
शाखा अध्यक्ष शिवांश सोनी ने आयोजन की व्यवस्थाओं की स्वयं निगरानी की और परिषद के सदस्यों को विभिन्न जिम्मेदारियां सौंपीं। उन्होंने कहा कि “भारत को जानो” केवल एक परीक्षा नहीं, बल्कि युवा पीढ़ी को अपनी संस्कृति, संस्कार और राष्ट्र के गौरव से जोड़ने का महत्वपूर्ण अभियान है।
शाखा महासचिव संजय शर्मा ने भी परीक्षा के सफल संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके समन्वय में परिषद के कार्यकर्ताओं ने विभिन्न स्कूलों में अपनी जिम्मेदारियों का निष्ठा एवं अनुशासन के साथ निर्वहन किया।
शिवांश सोनी एवं संजय शर्मा ने परीक्षा में भाग लेने वाले सभी 2130 विद्यार्थियों, स्कूल प्रबंधनों, अध्यापकों तथा परिषद के सदस्यों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयासों से ही इतने बड़े आयोजन को सफल बनाया जा सका। परिषद भविष्य में भी विद्यार्थियों और युवाओं को भारतीय संस्कृति, संस्कार एवं राष्ट्रभावना से जोड़ने वाले कार्यक्रमों को व्यापक स्तर पर आयोजित करती रहेगी।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें