चन्नी को मुख्यमंत्री चेहरा घोषित करे कांग्रेस, पंजाब में सरकार बनने की प्रबल संभावना : चमन राही
चन्नी को मुख्यमंत्री चेहरा घोषित करे कांग्रेस, पंजाब में सरकार बनने की प्रबल संभावना : चमन राही
अजय सूर्या मंडी। अखिल भारतीय दलित पिछड़ा एवं अल्पसंख्यक वर्ग परिषद हिमाचल प्रदेश के प्रदेश महासचिव एवं प्रवक्ता चमन राही ने कहा कि यदि कांग्रेस आगामी पंजाब विधानसभा चुनाव में पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी को मुख्यमंत्री पद का चेहरा घोषित करती है, तो पार्टी के सरकार बनाने की प्रबल संभावना है। उन्होंने कहा कि पंजाब में लोगों से मिले फीडबैक के आधार पर यह बात सामने आई है। दलित समाज की बड़ी आबादी को देखते हुए यह वर्ग चुनाव में निर्णायक भूमिका निभा सकता है।
चमन राही ने मान्यवर कांशीराम के पैतृक गांव पिरथीपुर बंगा साहिब में आयोजित श्रद्धांजलि कार्यक्रम का उल्लेख करते हुए कहा कि कांशीराम के परिजनों ने बीमारी के दौरान उनसे मुलाकात न करने देने सहित कई गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने बताया कि परिजनों के अनुसार उन्हें न्यायालय की शरण लेने के बाद कांशीराम से मिलने का अवसर मिला। राही ने कहा कि परिजनों ने कांशीराम की मृत्यु से जुड़े पूरे घटनाक्रम की सीबीआई से निष्पक्ष जांच करवाने की मांग की है।
राही ने कहा कि परिषद कांशीराम के भाई-बहनों की इस मांग का समर्थन करती है। उन्होंने केंद्र सरकार से मामले की निष्पक्ष जांच करवाकर सच्चाई सामने लाने की मांग की। साथ ही आरोप लगाया कि भाजपा और बसपा दोनों इस मामले की जांच करवाने के पक्ष में नहीं हैं।
फोटो कैप्शन : मान्यवर कांशीराम साहेब की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित करते हुए चमन राही व अन्य गणमान्य लोग।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें