यूनिटी पब्लिक स्कूल रिवालसर में नशामुक्ति का संदेश, विद्यार्थियों ने लिया संकल्प
यूनिटी पब्लिक स्कूल रिवालसर में नशामुक्ति का संदेश, विद्यार्थियों ने लिया संकल्प
रिवालसर : अजय सूर्या /
नशा मुक्त भारत अभियान के तहत यूनिटी पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल रिवालसर में प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय रिवालसर के तत्वावधान में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक कर उन्हें स्वस्थ एवं नशामुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित करना रहा।
विद्यालय के प्रधानाचार्य डी.डी. शर्मा एवं शिक्षकों की उपस्थिति में विद्यार्थियों ने नशा विरोधी पोस्टर बनाकर अपनी रचनात्मक भागीदारी निभाई। पोस्टरों के माध्यम से विद्यार्थियों ने नशे से होने वाले स्वास्थ्य एवं सामाजिक नुकसान को उजागर करते हुए नशामुक्त समाज का संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान ब्रह्माकुमारी संस्था की ओर से अधिकारियों एवं शिक्षकों को नशामुक्त प्रमाणपत्र भी प्रदान किए गए। वहीं, सैकड़ों विद्यार्थियों ने ध्यान-सत्र में भाग लेकर मानसिक शांति एवं सकारात्मक जीवनशैली का संदेश ग्रहण किया।
इस अवसर पर विद्यार्थियों ने नशे से सदैव दूर रहने तथा समाज में नशामुक्ति का संदेश फैलाने का संकल्प लिया। वक्ताओं ने कहा कि युवा पीढ़ी देश का भविष्य है और युवाओं को नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रखकर ही स्वस्थ, संस्कारित एवं सशक्त समाज का निर्माण संभव है।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें