जिला चम्बा के भद्रम गांव में अस्वच्छ और दूषित पेयजल की गंभीर समस्या
जिला चम्बा के भद्रम गांव में अस्वच्छ और दूषित पेयजल की गंभीर समस्या को लेकर युवाओं ने उपायुक्त चम्बा मुकेश रेपस्वाल को एक मांग पत्र सौंपा है। युवा कांग्रेस चम्बा के अध्यक्ष अधिवक्ता शाकिर अली शाह और अधिवक्ता मनीष कुमार ने बताया कि भद्रम क्षेत्र में लोगों के घरों में पहुंच रहा पानी अत्यधिक दूषित है। पानी इतना गंदा है कि वह न केवल पीने बल्कि घरेलू उपयोग के योग्य भी नहीं है। मॉनसून के मौसम में पाइपों का टूटना स्वाभाविक हो सकता है, परंतु स्थानीय जांच में सामने आया है कि लोक निर्माण विभाग द्वारा सड़कों व निर्माण स्थलों से की जा रही अवैध डंपिंग इसका मुख्य कारण है। बारिश होने पर यह अवैध मलबा और गंदगी बहकर जल शक्ति विभाग की पाइपों में घुस जाती है, जिससे पेयजल पूरी तरह से दूषित हो रहा है। उन्होंने मांग की है कि पानी के नमूनों की तत्काल प्रयोगशाला में जांच कराई जाए और पानी की गुणवत्ता को भी जांचा जाए। यदि पानी स्वास्थ्य के लिए हानिकारक पाया जाता है, तो आपूर्ति तुरंत रोककर स्वच्छ जल की व्यवस्था की जाए। साथ ही, अवैध डंपिंग के जिम्मेदार ठेकेदारों और विभागों के खिलाफ त्वरित एवं सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए ताकि सार्वजनिक स्वास्थ्य को होने वाले खतरे को समय रहते रोका जा सके।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें