कुठण्डल में गलतफहमी के चलते तनावपूर्ण हुआ माहौल, पुलिस की मध्यस्थता से मामला शांत
कुठण्डल में गलतफहमी के चलते तनावपूर्ण हुआ माहौल, पुलिस की मध्यस्थता से मामला शांत
फतेहपुर : बलजीत ठाकुर /
फतेहपुर की पंचायत खेहर के तहत कुठण्डल स्थित गुरुद्वारे में शनिवार रात उस समय माहौल तनावपूर्ण हो गया, जब भारी पुलिस बल अचानक गुरुद्वारा परिसर में पहुंचा। पुलिस की मौजूदगी के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। पुलिस बल के पहुंचने से पहले कुछ निहंगों को भी स्थानीय लोगों द्वारा गुरुद्वारे की ओर जाते हुए देखा गया था, जिसके चलते लोगों में मामले को लेकर अलग-अलग तरह की चर्चाएं होने लगीं।
रविवार सुबह करीब साढ़े सात बजे थाना प्रभारी रैहन सुनील से फोन पर हुई बातचीत में उन्होंने बताया कि गुरुद्वारा कमेटी का दूसरे राज्य की कमेटी के साथ किसी विवाद को लेकर मामला था। स्थानीय कमेटी की सूचना पर पुलिस बल मौके पर पहुंचा था, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को होने से रोका जा सके।
वहीं, करीब आठ बजे पंचायत प्रधान अनिल कुमार से बातचीत में उन्होंने बताया कि कुछ गलतफहमी के चलते मामला इतना बढ़ गया कि पुलिस को इसमें मध्यस्थता करनी पड़ी।
उन्होंने बताया कि बाहरी राज्य के कुछ निहंग पहले गुरुद्वारे में सेवादार रहे थे। उनके द्वारा गुरुद्वारे के महाराज पर कथित तौर पर किडनैप करने का आरोप लगाया गया था। इसी मामले को लेकर बातचीत करने के लिए निहंग गुरुद्वारे पहुंचे थे, लेकिन उस समय महाराज के वहां मौजूद न होने के कारण मामला पुलिस तक पहुंच गया।
स्थिति को देखते हुए पुलिस ने पहले महाराज को गुरुद्वारे में बुलाया और इसके बाद दोनों पक्षों के बीच बातचीत करवाकर मामले को शांत करवाया। पुलिस की मध्यस्थता के बाद स्थिति सामान्य हो गई और किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं है।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें