अस्पतालों में दवा नहीं, युवाओं को रोजगार नहीं; कांग्रेस सरकार हर मोर्चे पर विफल: पूर्व मंत्री राकेश पठानिया
अस्पतालों में दवा नहीं, युवाओं को रोजगार नहीं; कांग्रेस सरकार हर मोर्चे पर विफल: पूर्व मंत्री राकेश पठानिया
5 लाख नौकरियां और 58 वर्ष की पक्की नौकरी का वादा कहाँ गया? मुख्यमंत्री दें जवाब: राकेश पठानिया
फतेहपुर : बलजीत ठाकुर /
भाजपा के वरिष्ठ नेता, फतेहपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक एवं पूर्व मंत्री राकेश पठानिया ने प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि हिमाचल प्रदेश आज बेरोजगारी, आर्थिक संकट, चरमराई स्वास्थ्य व्यवस्था और अधूरी चुनावी गारंटियों का सामना कर रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने सत्ता में आने से पहले बड़े-बड़े वादे कर जनता से समर्थन लिया, लेकिन लगभग चार वर्ष बीतने के बाद भी प्रमुख चुनावी गारंटियां धरातल पर दिखाई नहीं दे रहीं।
राकेश पठानिया ने कहा कि कांग्रेस ने चुनाव के दौरान एक वर्ष के भीतर प्रदेश के युवाओं को 5 लाख नौकरियां देने और 58 वर्ष तक पक्की नौकरी का प्रावधान करने का वादा किया था। उन्होंने मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू से सवाल किया कि ये वादे आखिर कहाँ हैं। उनका कहना था कि प्रदेश का युवा रोजगार कार्यालयों के चक्कर काट रहा है और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के बावजूद निराश है, जबकि सरकार के पास केवल भाषण और आश्वासन हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में बेरोजगारी लगातार बढ़ रही है और सरकार के पास युवाओं के लिए कोई स्पष्ट रोजगार नीति नहीं है। यदि सरकार ने ऐतिहासिक कार्य किए हैं तो मुख्यमंत्री ऐसी कोई उपलब्धि बताएं, जिस पर पूरा प्रदेश गर्व कर सके।
स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर पूर्व मंत्री ने कहा कि उन्होंने कई सरकारी अस्पतालों का दौरा किया है, जहाँ मरीजों को शुगर और ब्लड प्रेशर जैसी सामान्य बीमारियों की दवाइयाँ तक उपलब्ध नहीं हैं। अस्पतालों में डॉक्टरों और विशेषज्ञ चिकित्सकों की कमी है तथा आधुनिक मशीनें होने के बावजूद उन्हें संचालित करने के लिए पर्याप्त स्टाफ नहीं है। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या यही कांग्रेस का कथित "व्यवस्था परिवर्तन" है।
राकेश पठानिया ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार के समय शुरू की गई कई जनकल्याणकारी योजनाओं को या तो बंद कर दिया गया है या कमजोर कर दिया गया है। इससे गरीब और आम जनता को राहत मिलने के बजाय परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
प्रदेश की आर्थिक स्थिति पर चिंता व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि मीडिया रिपोर्टों के अनुसार सरकार 700 करोड़ रुपये का नया कर्ज लेने की तैयारी में है। उन्होंने कहा कि लगातार बढ़ता कर्ज प्रदेश के भविष्य के लिए चिंताजनक है। यदि हजारों करोड़ रुपये का कर्ज लिया जा रहा है तो विकास कार्य, रोजगार, स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में उसका प्रभाव दिखाई क्यों नहीं दे रहा।
उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस ने महिलाओं को हर महीने 1500 रुपये देने की गारंटी देकर वोट मांगे थे, लेकिन आज भी बड़ी संख्या में महिलाएं उस राशि का इंतजार कर रही हैं। उनके अनुसार कांग्रेस की अधिकांश चुनावी गारंटियां अब तक अधूरी हैं और जनता को यह स्पष्ट हो चुका है कि ये वादे केवल सत्ता प्राप्त करने का माध्यम थे।
पूर्व मंत्री ने कहा कि प्रदेश की जनता अब कांग्रेस सरकार की कार्यशैली को समझ चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार उपलब्धियों के बजाय बढ़ते कर्ज, बेरोजगारी और प्रशासनिक विफलताओं के लिए याद की जाएगी। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी जनता की आवाज बनकर सरकार की जनविरोधी नीतियों का लोकतांत्रिक तरीके से विरोध जारी रखेगी तथा युवाओं, महिलाओं, किसानों, कर्मचारियों और प्रदेश के हितों के लिए संघर्ष करती रहेगी।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें