रिवालसर में सावन पर्व पर आध्यात्मिक चित्र प्रदर्शनी, श्रद्धालुओं ने लिया आत्मिक ज्ञान का लाभ

 रिवालसर में सावन पर्व पर आध्यात्मिक चित्र प्रदर्शनी, श्रद्धालुओं ने लिया आत्मिक ज्ञान का लाभ


अजय सूर्या रिवालसर, मंडी। सावन माह के पावन अवसर पर प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय, रिवालसर द्वारा आयोजित विशेष आध्यात्मिक चित्र प्रदर्शनी श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। प्रत्येक सोमवार बड़ी संख्या में श्रद्धालु और स्थानीय लोग प्रदर्शनी का अवलोकन कर आत्मिक एवं आध्यात्मिक ज्ञान प्राप्त कर रहे हैं।

प्रदर्शनी में आत्मा और परमात्मा का यथार्थ परिचय, मानव जीवन का उद्देश्य, वर्तमान समय की महत्ता तथा राजयोग मेडिटेशन के लाभों को चित्रों के माध्यम से सरल भाषा में समझाया जा रहा है। इसके साथ ही समाज में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति से होने वाले शारीरिक, मानसिक, पारिवारिक और सामाजिक दुष्प्रभावों के प्रति भी लोगों को जागरूक किया जा रहा है।

आयोजन के दौरान आगंतुकों को 'नशामुक्त भारत अभियान' के तहत नशामुक्ति की शपथ दिलाई जा रही है, ताकि वे स्वयं नशे से दूर रहकर समाज में भी जागरूकता फैलाने में योगदान दें।

ब्रह्माकुमारी बहनों एवं भाइयों ने श्रद्धालुओं को सकारात्मक जीवनशैली, नैतिक मूल्यों, आत्मिक सशक्तिकरण तथा तनावमुक्त और नशामुक्त जीवन अपनाने का संदेश दिया। प्रदर्शनी का उद्देश्य लोगों में आध्यात्मिक जागृति लाकर एक श्रेष्ठ, स्वस्थ और नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए प्रेरित करना है।

प्रदर्शनी में पहुंचे श्रद्धालुओं ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे ज्ञानवर्धक, प्रेरणादायक और समाज के लिए अत्यंत उपयोगी बताया।

टिप्पणियाँ

खबर को दोस्तों के साथ साझा करें:


हिमाचल मीडिया से जुड़ें: